सनी-बॉबी ने किया धन्यवाद, नहीं दिखीं हेमा-एशा; धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा से सामने आए फोटो-वीडियो

बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ और करोड़ों दिलों की धड़कन रहे धर्मेंद्र अब केवल यादों में रह गए हैं। 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में उनके निधन ने इंडस्ट्री में एक सन्नाटा-सा डाल दिया। गुरुवार यानी 27 नवंबर को मुंबई के बांद्रा स्थित ताज लैंड्स एंड में उनके चौथे पर प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जहां सिनेमा जगत की तमाम बड़ी हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचीं। दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि देने वालों की लिस्ट में सोनू निगम भी रहे जिन्होंने धरम जी के गीत गाकर उन्हें याद किया। प्रार्थना सभा से कई फोटोज और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। बी-टाउन से कई सेलेब्स धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे थे। करण जौहर, शाहरुख खान, सलमान खान, रेखा, महिमा चौधरी, माधुरी दीक्षित समेत उद्योग जगत की कई दिग्गज हस्तियां ‘ही-मैन’ को अंतिम विदाई देने पहुंचीं। श्मशान से लेकर देओल परिवार के घर तक बीते चार दिनों में लगातार फिल्मी सितारे और करीबी मित्र उन्हें याद करने पहुंच रहे हैं।
सभी का धन्यवाद करते दिखे सनी-बॉबी
इस सभा से आई तस्वीर में सनी देओल और बॉबी देओल अपने पिता को आखिरी विदा देने पहुंचे सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए नजर आए। प्रार्थना सभा से बाहर निकलकर घर जाते हुए भी इनका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया।
हेमा मालिनी और बेटियों की गैरमौजूदगी
प्रार्थना सभा में एक तरफ बॉलीवुड की कई हस्तियां मौजूद थीं, वहीं दूसरी ओर हेमा मालिनी और उनकी बेटियां एशा और आहना कहीं दिखाई नहीं दीं। सोशल मीडिया पर उनके न आने को लेकर चर्चा गर्म रही। हालांकि दिन में हेमा मालिनी ने एक बेहद भावुक पोस्ट साझा कर धर्मेंद्र के साथ बिताए पलों को याद किया था। उन्होंने लिखा कि जीवन का एक बड़ा हिस्सा उनसे जुड़ा था और अब वह हमेशा के लिए खाली हो गया है। दिलचस्प बात यह रही कि कई सेलेब्स प्रार्थना सभा के बजाय शाम को सीधे हेमा मालिनी के घर गए। इनमें बोनी कपूर, मधु शाह और एशा देओल के पूर्व पति भरत तख्तानी शामिल रहे।
भामला फांउडेशन के फाउंडर आसिफ भामला ने भी धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए लिखा- ‘लैंड्स एंड में महान अभिनेता धर्मेंद्र जी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुआ। बचपन से ही धर्मेंद्र जी वह हीरो थे, जैसा हर लड़का बनना चाहता था… असली ही-मैन। पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद। आप अपनी फिल्मों और फैलाए हुए प्रेम के ज़रिए हमेशा याद किए जाते रहेंगे। ओम शांति।’



