जुलाई में जिम्बाब्वे का दौरा करेगी टीम इंडिया; तीन टी20 खेलेगी; क्या वैभव सूर्यवंशी करेंगे डेब्यू?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के ज़िम्बाब्वे दौरे का एलान कर दिया है। भारतीय टीम जुलाई 2026 में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के एलान के बाद फैंस यह जानने को लेकर उत्साहित हैं कि क्या यह सीरीज युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के लिए भारतीय टीम में डेब्यू करने की सीरीज हो सकती है? सीरीज के सभी मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे। पहला टी20 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाएगा। 25 जुलाई और 26 जुलाई को बाकी दो मैच भी इसी मैदान पर होंगे। यानी टीम इंडिया लगातार दो टी20 खेलेगी। टीम इंडिया आखिरी बार 2024 में जिम्बाब्वे दौरे पर गई थी, जहां दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली गई थी। यह सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए मौका बन सकती है। टी20 वर्ल्ड कप 2028 और ओलंपिक 2028 की तैयारियों को देखते हुए टीम कॉम्बिनेशन पर काम होगा। साथ ही बेंच स्ट्रेंथ को परखने का अच्छा मौका मिलेगा। ऐसे में आईपीएल और जूनियर क्रिकेट में तहलका मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को भी मौका मिल सकता है। सूर्यवंशी पिछले महीने 15 साल के हो गए और अब आईसीसी के नियमों के अनुसार सीनियर भारतीय टीम के लिए खेलने के पात्र हो गए हैं। उन्होंने आईपीएल में अच्छे अच्छे गेंदबाजों की धुलाई की है। ऐसे में बीसीसीआई उन्हें शामिल कर सकती है। आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद सबसे पहले टीम इंडिया अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। अफगानिस्तान की टीम भारत के दौरे पर आएगी। एकमात्र टेस्ट छह जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। वहीं, पहला वनडे 14 जून को धर्मशाला में, दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में और तीसरा वनडे 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।



