Latest newsUncategorized

तूफान के बाद की शांति: जमैका में पर्यटन बहाल, होटल और आकर्षण पूरी तरह संचालित

सीताराम मेवाती

तूफान के बाद की शांति का असर कैरिबियाई द्वीप देश जमैका में अब नजर आ रहा है l जमैका ने घोषणा की है कि वह 15 दिसंबर 2025 से अपने पर्यटन क्षेत्र को पूर्ण रूप से दोबारा खोल रहा है। जमैका टूरिस्ट बोर्ड ने बताया कि देश अब अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और पर्यटन से जुड़ी सेवाएं पूरे द्वीप में फिर से शुरू हो रही हैं।यह फैसला अक्टूबर के अंत में आए तूफान मेलिसा के बाद द्वीप के तेजी से हुए पुनर्निर्माण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

  अधिकारियों के अनुसार, पर्यटन की यह वापसी जमैका सरकार, स्थानीय समुदायों और पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों के बीच मजबूत तालमेल का परिणाम है। कम समय में सड़कों, हवाई अड्डों, बिजली-पानी जैसी आवश्यक सेवाओं और होटल अवसंरचना की मरम्मत की गई। अंतरराष्ट्रीय सहयोग से पुनर्वास कार्यों को गति मिली और दीर्घकालिक मजबूती भी सुनिश्चित की गई।

विदित हो कि जमैका के कई प्रमुख रिसॉर्ट पहले ही अपने दरवाजे पर्यटकों के लिए खोल चुके हैं, जिससे यात्रियों का भरोसा लौटता दिखाई दे रहा है। सैंडल्स रिसॉर्ट्स इंटरनेशनल ने 6 दिसंबर से अपने पांच रिसॉर्ट फिर से शुरू किए हैं, जिनमें सैंडल्स डन्स रिवर रिसॉर्ट, सैंडल्स ओचो रियोस और बीचेस नेग्रिल रिजॉर्ट एंड स्पा शामिल हैं। पर्यटन अधिकारियों का कहना है कि इन प्रतिष्ठित रिसॉर्ट्स का दोबारा खुलना पर्यटन क्षेत्र की मजबूती का स्पष्ट संकेत है।

  लक्ज़री पर्यटन भी जमैका में वापसी कर रहा है। हाफ मून जमैका 15 दिसंबर से चरणबद्ध रूप से दोबारा खुलने जा रहा है, जिसकी शुरुआत ‘एक्लिप्स एट हाफ मून’ और इसके नवीनीकृत विला से होगी। इससे प्रीमियम यात्रा बाजार में जमैका की स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है।

  पूरे द्वीप में ठहरने की सुविधाएं तेजी से बढ़ रही हैं। मोंटेगो बे, नेग्रिल, ओचो रियोस, किंग्सटन और साउथ कोस्ट में होटल, गेस्टहाउस और निजी विला या तो खुल चुके हैं या जल्द ही खुलने वाले हैं, जिससे विभिन्न बजट और पसंद वाले यात्रियों के लिए पर्याप्त विकल्प उपलब्ध होंगे।

  पर्यटन विभाग ने पुष्टि की है कि प्रमुख दर्शनीय स्थल और प्राकृतिक आकर्षण पूरी तरह संचालित हो चुके हैं। समुद्र तट गतिविधियां, वॉटर स्पोर्ट्स, सांस्कृतिक भ्रमण और जंगल रोमांच जैसे अनुभव बिना किसी प्रतिबंध के उपलब्ध हैं।

  जमैका टूरिस्ट बोर्ड के अनुसार, सुरक्षा और तैयारियों को लेकर अतिरिक्त कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे भारत सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों से यात्रियों की रुचि फिर से बढ़ेगी और जमैका एक बार फिर लोकप्रिय छुट्टी गंतव्य के रूप में उभरेगा।

Related Articles

Back to top button