गोरेगांव के नेस्को सेंटर में ड्रग्स के ओवरडोज से दो की मौत, पांच लोग हुए गिरफ्तार

मुंबई के गोरेगांव में नेस्को सेंटर में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में ड्रग्स के अधिक सेवल यानी ओवरडोज से दो लोगों की मौत हो गई। यह कार्यक्रम 11 अप्रैल को हुआ था। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मरने वाले दोनों लोगों ने किस तरह के ड्रग्स का सेवन किया था और उन्हें ये ड्रग्स किसने सप्लाई किए थे। इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक व्यक्ति इस इवेंट से जुड़ा हुआ था। मीडिया रिपोर्ट ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया है कि मरने वालों में 24 वर्ष के छात्र और छात्रा है। बताया जा रहा है कि तीन छात्रों के एक ग्रुप ने इस कार्यक्रम में ड्रग्स का सेवन किया, और अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पतालों में ले जाया गया। मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के कड़े प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया है। पुलिस पांच लोगों को गुरफ्तार कर उनसे पूछताछ कर रही है। साथ ही पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार्यक्रम में ड्रग्स कहां से आया और सेवन किए गए ड्रग्स कैसे थे। नेस्को सेंटर ने इस घटना को स्वीकार किया है और साथ ही अधिकारियों का सहयोग करने की भी बात कही है।



