India newsLatest news

‘कांग्रेस ने बिगाड़े किसानों के हालात’; 10,601 करोड़ के खाद कारखाने की PM मोदी ने रखी नींव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम दौरे के दौरान राज्य को एक बड़ी विकास परियोजना की सौगात दी। पीएम मोदी ने डिब्रूगढ़ जिले में 10,601 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए उर्वरक संयंत्र की आधारशिला रखी। यह संयंत्र सालाना करीब 12 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उत्पादन की क्षमता वाला होगा। इस मौके पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज असम और पूरे पूर्वोत्तर के लिए ऐतिहासिक दिन है। नामरूप और डिब्रूगढ़ लंबे समय से जिस परियोजना का इंतजार कर रहे थे, वह सपना अब साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने दशकों तक किसानों की स्थिति को बदतर बनाया, जबकि उनकी सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पीएम ने कहा कि खाद कारखाने जैसे प्रोजेक्ट न केवल किसानों को सस्ती खाद उपलब्ध कराएंगे, बल्कि क्षेत्र में रोजगार और औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा देंगे।

असम विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा आज असम विकास के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। पूर्वोत्तर अब केवल संभावनाओं की भूमि नहीं, बल्कि प्रगति का केंद्र बन रहा है। असम ने विकास की नई रफ्तार पकड़ ली है और यह सिर्फ शुरुआत है। हमें असम को बहुत आगे लेकर जाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह परियोजना पूरे इलाके में औद्योगिक प्रगति का नया अध्याय शुरू करेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

पूर्वोत्तर में औद्योगिक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम
सरकार के मुताबिक, नामरूप उर्वरक संयंत्र से देश की खाद आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी और आयात पर निर्भरता कम होगी। साथ ही, इससे पूर्वोत्तर भारत को औद्योगिक नक्शे पर नई पहचान मिलेगी। प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल विकास परियोजनाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है, बल्कि आने वाले समय में असम और पूरे पूर्वोत्तर की आर्थिक तस्वीर बदलने वाला कदम भी बताया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button