आयुष्मान ने ‘थामा’ को बताया खास फिल्म, बोले- ‘हमेशा से बनना चाहता था हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा’

आयुष्मान खुराना इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘थामा’ को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। यह मैडॉक फिल्म्स के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की अगली फिल्म है। आयुष्मान पहली बार इस यूनिवर्स हिस्सा बन रहे हैं। ऐसे में हाल ही में हुए फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में आयुष्मान ने इस यूनिवर्स में शामिल होने पर खुशी जताई। साथ ही उन्होंने ‘थामा’ को अपने लिए एक स्पेशल फिल्म भी बताया। ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान बोलते हुए आयुष्मान खुराना ने कहा, ‘यह फिल्म मेरे लिए बहुत खास है। मैं हमेशा से मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा बनना चाहता था। यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला यूनिवर्स है। एक आम इंसान होने के नाते, मेरे आस-पास असामान्य चीजें हैं, मेरे आस-पास अलौकिक शक्तियां हैं, मुझे नहीं पता कि मैं इन सबका क्या करूं। इसलिए यह बहुत ही अनोखा है। यह दुनिया ‘थामा’ के साथ अगले अध्याय को आगे बढ़ा रही है। यह वाकई रोमांचक है। यह मेरे लिए नया है।’



