Latest newsMumbai news

राहुल जी आईना साफ मत करिए’, महाराष्ट्र निकाय चुनाव में शानदार जीत पर जानिए भाजपा ने क्या कहा

महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 नगर निगमों के चुनाव के नतीजे आज जारी किए जा रहे हैं। अभी तक के रुझानों में भाजपा बीएमसी समेत अधिकतर नगर निगमों में आगे चल रही है। इन रुझानों पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी आनी शुरू हो गई है। लंबे समय से बीएमसी की सत्ता पर काबिज शिवसेना यूबीटी इस बार पिछड़ती नजर आ रही है। इसे लेकर शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने चुनाव में धांधली के आरोप लगाए हैं।

संजय राउत का आरोप- मतदाता सूची से गायब हुए कई नाम

संजय राउत ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘मुंबई जैसे शहर में जिस तरह से वोटिंग पैटर्न रहा, वो बेहद चौंकाने वाला है। शिवसेना यूबीटी, मनसे और कांग्रेस के क्षेत्रों में हजारों लोगों के नाम मतदाता सूची में गायब मिले, जबकि उन्होंने विधानसभा चुनाव में वोट किया था। ईवीएम मशीन ठीक से काम नहीं कर रही थी। चुनाव आयोग हमारी बात सुनने को तैयार नहीं है। कल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और चुनाव आयोग के स्टाफ के बीच बैठक हुई, जबकि अभी भी चुनाव आचार संहिता लगी हुई है।’  राउत ने आरोप लगाया कि वोटिंग प्रतिशत आने से पहले ही एग्जिट पोल्स के नतीजे आने शुरू हो गए थे। भाजपा ने अपनी जीत की खुशी भी मनानी शुरू कर दी थी।

भाजपा ने बीएमसी चुनाव में जीत के लिए जनता के समर्थन के लिए दिया धन्यवाद

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने बीएमसी चुनाव में भाजपा की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि ‘महाराष्ट्र की भाषा में कहते हैं जय-जय महाराष्ट्र माझा। आज महाराष्ट्र की जनता ने हमें जो समर्थन दिया है, इसके लिए विनम्रता से आभार… ये छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि है… जैसे शिवाजी की चतुरंगिणी सेना मन में उमंग धारण करके चलती थी, वैसे ही देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भाजपा आगे बढ़ रही है।’ भाजपा नेता तरुण चुघ ने महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन के शनदार प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता बहुत समझदार है। पहाड़ से सागर तक, भारत का कोई भी हिस्सा हो, जनता हर जगह कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन को सजा दे रही है। राहुल जी, आईना साफ मत करिए। आईना साफ करने से मुंह पर लगे कालिख के निशान मिट नहीं सकते।

Related Articles

Back to top button