India newsLatest news

‘भारत-अमेरिका ट्रेड डील से दोनों देशों को लाभ नहीं’; शिवसेना सांसद ने क्यों किया यह दावा?

भारत और अमेरिका के बीच हुए नए व्यापार समझौते को लेकर देश में राजनीतिक बहस तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस के नेताओं ने इस समझौते की शर्तों पर गहरी चिंता जताई है। वाशिंगटन का दावा है कि इस डील के बाद अमेरिका भारत को ज्यादा कृषि उत्पाद बेच पाएगा और भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा।
क्या बोलीं यूबीटी सांसद प्रियंका चतुर्वेदी?
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि भारतीय सामानों पर टैक्स (टैरिफ) कम होना अच्छी बात है, लेकिन यह सौदा सबके लिए फायदेमंद नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि भारत ने वेनेजुएला से तेल खरीदने और रूसी व ईरानी तेल बंद करने की बात मान ली है। उनके अनुसार, भारतीय बाजारों में अमेरिकी कृषि उत्पादों को छूट देना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ट्रंप की तरफ से जो जानकारी सामने आई है, वह भारतीयों की उम्मीदों के मुताबिक नहीं है। इस मुद्दे पर कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने भी सरकार को घेरा है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस समझौते की घोषणा भारतीय अधिकारी के बजाय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यों की? उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे भारत को मजबूर किया गया है। सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने रूस के साथ दशकों पुराने रिश्तों को दांव पर लगा दिया है। उन्होंने इसे भारत की विदेश नीति को गिरवी रखने जैसा बताया। उनके अनुसार, भारत को अपनी मर्जी से सस्ता तेल खरीदने की आजादी होनी चाहिए। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रधानमंत्री मोदी से संसद में इस पर सफाई देने की मांग की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे भारत की राजधानी दिल्ली से हटकर वाशिंगटन पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि देश के फैसलों की जानकारी हमें ट्रंप से मिल रही है, जो कि देश के आत्म-सम्मान और संप्रभुता के खिलाफ है। इससे पहले, डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को बताया कि अमेरिका और भारत व्यापार समझौते पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने पीएम मोदी के दोस्ती और सम्मान के तौर पर टैक्स को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का एलान किया। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि मोदी रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदने को तैयार हैं।
पीएम मोदी ने जताई खुशी
ट्रंप की पोस्ट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर अब 18 प्रतिशत कम टैक्स लगेगा। पीएम ने इस घोषणा के लिए 140 करोड़ भारतीयों की तरफ से ट्रंप को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने ट्रंप के नेतृत्व को वैश्विक शांति के लिए जरूरी बताया और कहा कि भारत उनके प्रयासों का समर्थन करता है।

Related Articles

Back to top button