‘हम प्रार्थना करते हैं उन्हें राहत मिले’, कोर्ट में सुनवाई से पहले सोनू सूद ने की राजपाल की जमानत के लिए दुआ

चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में आज सुनवाई होनी है। पिछली सुनवाई में कोर्ट राजपाल के वकील की दलीलों से संतुष्ट नहीं हो सका था और मामले को अगली सुनवाई के लिए स्थगित कर दिया था। अब आज सुनवाई से पहले अभिनेता सोनू सूद ने राजपाल के समर्थन में पोस्ट किया है। उन्होंने अभिनेता के लिए लोगों से प्रार्थना करने की अपील की है।
सोनू सूद ने की राहत मिलने की प्रार्थना
सुनवाई से पहले सोनू सूद ने राजपाल यादव के समर्थन में एक पोस्ट किया है। राजपाल को राहत मिलने की प्रार्थना करते हुए सोनू सूद ने एक्स पर लिखा, ‘आज हमारे भाई राजपाल यादव के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। हम प्रार्थना करते हैं कि सब कुछ सही दिशा में आगे बढ़े और उन्हें वह राहत मिले, जिसके वे हकदार हैं। वे एक विलक्षण प्रतिभा और एक नेक आत्मा हैं। हमें इस प्रयास को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए, हम उनके साथ खड़े हैं और तब तक प्रयास जारी रखेंगे, जब तक सब कुछ ठीक नहीं हो जाता।’
राजपाल के सपोर्ट में उतरा बॉलीवुड
राजपाल यादव के जेल जाने के बाद पूरा बॉलीवुड उनके समर्थन में उतरा है। सोनू सूद इसके लिए सबसे पहले आगे आए थे। उन्होंने खुद राजपाल यादव को एक फिल्म ऑफर करते हुए इंडस्ट्री से एक्टर की मदद करने की अपील की थी। इसके बाद बॉलीवुड के कई बड़े नाम राजपाल यादव के समर्थन में आगे आए और उन्होंने अभिनेता की वित्तीय सहायता की। इनमें सलमान खान और अजय देवगन से लेकर वरुण धवन, गुरमीत चौधरी, केआरके, अनूप जलोटा जैसे कई नाम शामिल हैं।



