‘मुझे फिल्म पर बहुत गर्व है’, ‘ओ रोमियो’ की आलोचनाओं पर बोले विशाल भारद्वाज; कहा- ये मेरी सबसे सफल फिल्म होगी

विशाल भारद्वाज की गिनती इंडस्ट्री के दिग्गज फिल्म निर्देशकों में होती है। उन्होंने ‘मकबूल’, ‘ओमकारा’ और ‘हैदर’ जैसी कल्ट फिल्में बनाई हैं। उनकी हालिया रिलीज फिल्म ‘ओ रोमियो’ इन दिनों सिनेमाघरों में बनी हुई है। क्रिटिक्स से फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया हासिल हुई है। लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। हालांकि, विशाल भारद्वाज का मानना है कि यह उनकी सबसे सफल फिल्मों में से एक हो सकती है।पीटीआई से बातचीत में विशाल भारद्वाज ने कहा कि फिल्म को लेकर क्रिटिक्स की चाहें जो भी राय हो, लेकिन उन्हें भरोसा है कि यह उनकी अब तक की सबसे सफल फिल्मों में से एक हो सकती है। मुझे यह इसलिए कहना पड़ रहा है ताकि उन आलोचकों का दिल टूट जाए जिन्होंने फिल्म की आलोचना की थी। उनकी राय चाहे जो भी रही हो, यह मेरे जीवन की सबसे सफल फिल्म होगी। मुझे इस फिल्म पर बहुत गर्व है। मुझे इस पर जरा भी शर्म नहीं है। मैं बहुत खुश हूं। मैंने जो हिंसा और प्रेम की कहानी गढ़ी है, उस पर मुझे बहुत गर्व है।



