क्या कोच डेशकाटे अपने ही जवाब से फंसे? तरजीह देने की बताई यह वजह

टी20 विश्वकप 2026 में रविवार को भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया को 76 रनों से हराया। इस हार से सेमीफाइनल में पहुंचने की राह कठिन हो चुकी है। हार के बाद टीम की प्लेइंग-11 को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा ऑलराउंडर अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने को लेकर है। अब भारत के सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे ने अक्षर पर सफाई दी है और जो उन्होंने कहा है, उससे वह खुद ही निशाने पर आ गए हैं। डेशकाटे ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने के पीछे टीम इंडिया की रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने कहा, ‘टीम कॉम्बिनेशन और साउथ अफ्रीका के टॉप ऑर्डर में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज होने की वजह से यह फैसला काफी सोच-विचार के बाद लिया गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक, रेयान रिकल्टन और डेविड मिलर टीम इंडिया के लिए बड़े खतरे थे। ऐसे में टीम ने ऑफ स्पिन विकल्प को प्राथमिकता दी, जो पावरप्ले में उपयोगी साबित हो सके। हमें लगा कि पावरप्ले में वॉशिंगटन अक्षर की तुलना में ज्यादा प्रभावी गेंदबाज हो सकते हैं। इस वजह से उन्हें मौका दिया गया।’



