‘अमेरिका व भारत विश्व की दो सबसे गतिशील अर्थव्यवस्थाएं’, टैरिफ वॉर के बीच बोले बिड़ला समूह के मुखिया

अमेरिका प्रचूर मात्रा में स्थिरता और पारदर्शिता प्रदान करता है। यही कारण है कि दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था आदित्य बिड़ला समूह के लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य है। अमेरिका और भारत विश्व की दो सबसे गतिशील अर्थव्यवस्थाएं हैं और हमारे लिए “स्थायी दांव” हैं। यह बात कही है समूह के मुखिया कुमार मंगलम बिड़ला ने। बिड़ला ने कहा है कि उनकी अध्यक्षता वाले समूह ने पिछले 17 वर्षों में अमेरिका में 15 अरब डॉलर का निवेश किया है। ऐसे में बिड़ला समूह अमेरिका में सबसे बड़ा भारतीय निवेशक बन गया है। 65 अरब अमेरिकी डॉलर वाले समूह के चेयरमैन ने कहा, “मुझे लगता है कि उद्योग में हमारे जैसे लोग स्थिरता चाहते हैं। और हम पारदर्शिता चाहते हैं। और मुझे लगता है कि ये ऐसे कारक हैं जो हमें अमेरिका में प्रचुर मात्रा में मिलते हैं, जो इसे हमारे लिए निवेश के लिए एक बहुत ही आकर्षक गंतव्य बनाता है।” बिड़ला ने यह टिप्पणी सोमवार को वाशिंगटन डीसी में आयोजित एक समारोह में की। वहां उन्हें अमेरिका-भारत सामरिक भागीदारी मंच (यूएसआईएसपीएफ) की ओर से वैश्विक नेतृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह टिप्पणी अमेरिकी नीतियों में बड़े बदलावों के बीच आई है, विशेष रूप से व्यापार के मोर्चे पर, डोनाल्ड ट्रम्प के अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद जो रहो रहा है उसे देखते हुए। ट्रंप ने वैश्विक व्यापार को हिलाकर रख दिया है और वैश्विक स्तर पर अनेक चिंताएं पैदा कर दी हैं। बिड़ला ने कहा कि वैश्वीकरण से साझा समृद्धि को बढ़ावा मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि उनके समूह की प्रतिबद्धताएं पूंजी निवेश से आगे बढ़कर लोगों, समुदायों और दीर्घकालिक प्रभाव में निवेश पर ध्यान केंद्रित करती हैं।



