ब्लूम्सबरी इंडिया ने लॉन्च की ‘पॉकेट पॉटर्स’ श्रृंखला की नई किताबें, जादुई दुनिया फिर से जीवंत

ब्लूम्सबरी पब्लिशिंग इंडिया ने अपनी लोकप्रिय ‘पॉकेट पॉटर्स’ श्रृंखला के अंतर्गत दो नई पुस्तकों के लॉन्च की घोषणा की है। यह अनूठी और आकर्षक रूप से चित्रित गाइड श्रृंखला जादुई दुनिया की प्रमुख घटनाओं, चर्चित उद्धरणों और प्रिय पात्रों से जुड़े रोचक तथ्यों को संजोए हुए है। यह संग्रह विशेष रूप से युवा पाठकों को जादुई संसार से परिचित कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। साल 1997 में पहली बार प्रकाशित हुई हैरी पॉटर को 29 वर्ष पूरे हो चुके हैं, जबकि पहली फिल्म 2001 में रिलीज हुई थी। सात पुस्तकों (1997-2007) और आठ फिल्मों (2001-2011) के साथ यह श्रृंखला विश्व साहित्य और सिनेमा के इतिहास में एक वैश्विक परिघटना बन चुकी है। भारत में हैरी पॉटर की लोकप्रियता लगातार बढ़ती रही है। वित्त वर्ष 2013-14 से 2025-26 के बीच वार्षिक बिक्री लगभग सात गुना बढ़ी है और अब तक 30 लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में 9.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कुल बिक्री का लगभग 35 प्रतिशत हिस्सा ऑनलाइन माध्यमों से आता है, जबकि ऑफलाइन बाजार में भी मजबूत वितरण बना हुआ है। ‘पॉकेट पॉटर्स’ श्रृंखला के अंतर्गत 2025 में हैरी पॉटर, रॉन वीजली और हर्माइनी ग्रेंजर पर आधारित पुस्तकें प्रकाशित की गई थीं। फरवरी 2026 में लूना लवगुड और एल्बस डम्बलडोर पर केंद्रित शीर्षक लॉन्च किए गए हैं। इसके अतिरिक्त डॉबी और हैग्रिड पर आधारित पुस्तकें अगस्त 2026 में जारी की जाएंगी, जिनकी प्री-ऑर्डर बुकिंग प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर शुरू हो चुकी है।




