वानखेड़े में टिकटों की मारामारी!
फैंस को लगा झटका, पूछा- जब टीमें ही तय नहीं थीं, तब कैसे बिक गईं सभी सीटें?

टी20 विश्वकप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाना है। यह मुकाबला शुरू होने से पहले ही चर्चा में आ गया है, लेकिन वजह मैदान की पिच या खिलाड़ियों की फॉर्म नहीं बल्कि टिकटों की भारी मांग है। मुंबई के इस ऐतिहासिक मैदान में होने वाले मुकाबले के लिए टिकट पूरी तरह सोल्ड आउट हो चुके हैं। कई क्रिकेट प्रेमी अब सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं कि जब सुपर-8 के मुकाबले चल रहे थे और सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों का पता भी नहीं था, तब इतनी जल्दी टिकट कैसे बिक गईं। आईसीसी ने टी20 विश्वकप 2026 के नॉकआउट मुकाबलों के लिए टिकटों की बिक्री 24 फरवरी से शुरू कर दी थी। उस समय सुपर-8 चरण जारी था और सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं थी। दिलचस्प बात यह रही कि टिकट खरीदते समय फैंस को यह भी पूरी तरह पता नहीं था कि सेमीफाइनल में कौन सी टीमें पहुंचेंगी। इसके बावजूद क्रिकेट प्रेमियों ने बड़ी संख्या में टिकट खरीद लिए और कुछ ही समय में कई मुकाबलों के टिकट खत्म हो गए।



