Latest newsSports
लीग चरण की हार भुलाकर वापसी पर भारत की नजर, क्या ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चलेगा शेफाली का जादू?

महिला वनडे विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 125 रन से हराकर दक्षिण अफ्रीका ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब बारी है दूसरे सेमीफाइनल की, जिसमें भारत की टक्कर ऑस्ट्रेलिया से होगी। इस मैच की विजेता टीम 2 नवंबर को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। भाग्य के सहारे अंतिम चार में जगह बनाने वाली भारतीय टीम को महिला वनडे विश्व कप के गुरुवार को नवी मुंबई में होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा और उसे उम्मीद रहेगी कि कप्तान हरमनप्रीत कौर आठ साल पहले खेली गई जादुई पारी जैसा करिश्मा दिखाने में सफल रहेगी। हरमनप्रीत की 2017 में इंग्लैंड के डर्बी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 115 गेंदों में नाबाद 171 रन की पारी एक महत्वपूर्ण क्षण था, जिसने महिला क्रिकेट को सुर्खियों में ला दिया था।



