सूरत में जैन मुनि के वायरल वीडियो पर विवाद गहराया, महिलाओं ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की

गुजरात के सूरत में जैन समुदाय से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया है। यहां जैन समाज की कुछ महिलाओं के एक समूह ने पुलिस से संपर्क कर एक जैन मुनि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह मामला तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक कथित अश्लील वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति जैन मुनि के वेश में नजर आ रहा है। महिलाओं का आरोप है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति जैन मुनि चंद्र सागर मुनि हैं। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। महिलाओं ने इस मामले को गंभीर बताते हुए रविवार को सूरत के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत को एक लिखित शिकायत दी। शिकायत में महिलाओं ने कहा कि अगर इस मुद्दे पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे पूरे जैन समुदाय की छवि खराब हो सकती है। उनका कहना है कि इस तरह की बातें कुछ समय से सामने आ रही हैं और अब इसे रोकना बहुत जरूरी हो गया है। उन्होंने मांग की कि मुनि के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें उनके पद से हटाया जाए, ताकि समाज को शर्मिंदगी का सामना न करना पड़े।



