आरसीबी के 16000+ करोड़ में बिकने पर इस क्रिकेटर ने ली चुटकी, कहा- इस राशि का 0.5% हमें दे दिया तो…

आईपीएल की दो टीमों को नया मालिक मिल गया और साथ ही रिकॉर्ड्स भी बन गए हैं। राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमों की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी दो अलग-अलग कंसोर्टियम ने मंगलवार को हासिल की। अमेरिकी मूल के बिजनेसमैन काल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी 1.63 अरब डॉलर (करीब 15,290 करोड़ रुपये) में खरीद ली। वहीं, यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) की जगह आरसीबी का स्वामित्व अब आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम के हाथ आ गया है। आरसीबी को यूएसएल से आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने 1.78 बिलियन यूएस डॉलर (भारतीय रुपये में करीब 16,706 करोड़) में खरीदा है। आरसीबी की डील के बाद नीदरलैंड के तेज गेंदबाज पॉल वान मीकेरन का एक ट्वीट चर्चा में आ गया है। उन्होंने इस डील पर चुटकी लेते हुए कहा कि इस राशि का 0.5 प्रतिशत भी नीदरलैंड क्रिकेट को मिल गया तो हम क्रिकेट की नई ताकत बन सकते हैं। दरअसल, हाल ही में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुए टी20 विश्वकप में आईसीसी के सदस्य देशों का प्रदर्शन शानदार रहा था। पहली बार टी20 विश्वकप 20 टीमों के साथ खेला गया और कई सदस्य देशों ने अपने प्रदर्शन से तारीफें जीतीं। इसके बाद कई सदस्य देशों के खिलाड़ियों ने आईसीसी के पूर्ण सदस्य देशों के साथ ज्यादा से ज्यादा मैचों की मांग की थी। ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह से लेकर नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स तक ने आईसीसी से मांग की थी कि उन्हें नियमित क्रिकेट सीरीज मिले ताकि वे आईसीसी टूर्नामेंट्स में ज्यादा से ज्यादा हिस्सा ले सकें। इस पर आईसीसी ने स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी थी, लेकिन कहा था कि कागज पर कमजोर दिखने वाली टीमों ने टूर्नामेंट को रोमांचक बना दिया। आईसीसी ने उनका आभार भी जताया था।




