‘सितारे जमीन पर’ बिना किसी कट के हुई पास, सेंसर बोर्ड से आमिर की फिल्म को हरी झंडी

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। उनकी मच अवेटेड फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ को आखिरकार सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है। खास बात ये है कि सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को बिना किसी कट के थिएटर में रिलीज करने की अनुमति दी है, जिससे आमिर के फैंस के बीच उत्साह दोगुना हो गया है। फिल्म की रिलीज से पहले इसे लेकर कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ा था। CBFC की ओर से फिल्म में दो बदलाव करने का सुझाव दिया गया था, जिसके बाद फिल्म की रिलीज को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी। लेकिन आमिर खान और उनकी टीम ने अपने पक्ष को मजबूती से रखा और ये साफ किया कि फिल्म की स्क्रिप्ट और प्रस्तुतिकरण पर बहुत सोच-विचार के बाद काम किया गया है। आखिरकार बोर्ड ने बिना किसी कट के फिल्म को पास कर दिया। साल 2007 में रिलीज हुई आमिर खान की फिल्म ‘तारे जमीन पर’ ने शिक्षा प्रणाली और बच्चों की मानसिकता पर प्रभावशाली चर्चा की थी। उस फिल्म ने 98 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था और इसे 11 फिल्मफेयर नॉमिनेशन और 3 राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुए थे। अब करीब 18 साल बाद, आमिर उस फिल्म की तरह एक और इमोशनल जर्नी लेकर आ रहे हैं। हालांकि ये फिल्म सीधे तौर पर ‘तारे जमीन पर’ की सीक्वल नहीं है, लेकिन इसे स्पिरिचुअल सीक्वल के रूप में देखा जा रहा है। यानी फिल्म की आत्मा और मूल भावना वही है, लेकिन कहानी बिल्कुल नई होगी।



