कोलकाता-मुंबई में पिछले दो दशक से नहीं हुआ भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच; क्यों इंतजार हुआ लंबा?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जब 2026-27 के घरेलू सत्र का शेड्यूल जारी किया, तो एक बार फिर एक पुराना सवाल चर्चा में आ गया कि आखिर कोलकाता और मुंबई जैसे बड़े और नामी क्रिकेट स्टेडियम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैचों की मेजबानी से लगातार क्यों वंचित हैं? ऑस्ट्रेलिया की टीम अगले साल जनवरी में भारत दौरे पर आएगी। 27 जनवरी से दोनों देशों के बीच प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत पांच टेस्ट मैच खेले जाएंगे, लेकिन घोषित वेन्यू की सूची में कोलकाता का ऐतिहासिक ईडन गार्डेंस और मुंबई का प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम शामिल नहीं हैं। यह फैसला क्रिकेट प्रेमियों के बीच हैरानी और निराशा दोनों पैदा कर रहा है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मुकाबले हमेशा से हाई-वोल्टेज और रोमांच से भरपूर रहे हैं। ऐसे में देश के बड़े शहरों के फैंस को उम्मीद रहती है कि उन्हें इस प्रतिष्ठित सीरीज की मेजबानी का मौका मिलेगा। बीसीसीआई भी आमतौर पर अलग-अलग शहरों को मौका देने की कोशिश करता है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैचों के मामले में कोलकाता और मुंबई को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है।




