मियामी में बोले डोनाल्ड ट्रंप; खुद को बताया ‘अनफिल्टर्ड’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अक्सर लीक से हटकर बयान देने के लिए जाने जाते हैं। इसी तरह एक बार फिर उन्होंने अपने बयान से लोगों को हैरान किया है। दरअसल, फ्लोरिडा के मियामी बीच स्थित फाएना होटल में ‘फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव’ (FII) समिट का आयोजन चल रहा था। मंच पर जब ट्रंप आए, तो उम्मीद थी कि वे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बात करेंगे, लेकिन उन्होंने अलग ही बात करनी शुरू कर दी। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि आमतौर पर राजनेता सवालों की छंटनी करते हैं, वे डरते हैं कि उनसे क्या पूछा जाएगा? लेकिन मैं यहां आपके लिए हूं। आप मुझसे वह सब कुछ पूछ सकते हैं जो आपके मन में है। आप चाहें तो किसी भी विषय पर बात कर सकते हैं, या जो भी आपके दिल में हो। मैं पूरी तरह अनफिल्टर्ड हूं। डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारों का मानना है कि यह ट्रंप की एक सोची-समझी रणनीति है, जिसके जरिए वह अपने आप को ऐसे नेता के रूप में स्थापित करना चाहते हैं, जो पारंपरिक और ‘बनावटी’ राजनेताओं के बीच एक ‘असली इंसान’ की तरह खड़ा है।



