मुंबई में चलेगी भारत की पहली पॉड टैक्सी; पुणे में महिला ने 11 महीने की बेटी को उतारा मौत के घाट

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भारत की पहली पॉड टैक्सी चलाई जाएगी। मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पॉड टैक्सी परियोजना का शिलान्यास किया। पॉड टैक्सी एक स्वचालित तीव्र पारगमन प्रणाली है, जिसे मुंबई में कुर्ला से बांद्रा के बीच बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) से होकर गुजरेगी ताकि व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित हो रहे बीकेसी के दोनों छोर पर दैनिक यात्रियों का आवागमन सुचारू हो सके। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) कुर्ला और बांद्रा पूर्व के बीच पॉड टैक्सी परियोजना को क्रियान्वित कर रहा है। एमएमआरडीए के अधिकारियों ने बताया कि 8.85 किमी लंबी स्वचालित तीव्र पारगमन प्रणाली (एआरटीएस) के कई चरणों में विकसित की जाएगी। पॉड टैक्सी से यातायात जाम की समस्या कम होगी और पर्यावरण-अनुकूल आवागमन को बढ़ावा मिलेगा। वर्ष 2031 तक पॉड टैक्सी से रोजाना 1.09 लाख से अधिक यात्रियों के सफर करने का अनुमान है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने चेंबूर स्थित डायमंड गार्डन मेट्रो स्टेशन पर मंडाले से चेंबूर के बीच मुंबई मेट्रो लाइन 2बी के पहले चरण के मेट्रो को हरी झंडी दिखाई।
पुणे से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पुलिस ने 22 साल की एक महिला को अपने ही 11 महीने के बेटे की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह घटना पुणे जिले के रंजनगांव एमआईडीसी इलाके की है। पुलिस के अनुसार, यह वारदात 8 मार्च को हुई थी, लेकिन महिला को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। महिला के पति ने पिछले महीने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी अपने बच्चे को लेकर घर से चली गई है। पुलिस ने उसे 5 अप्रैल को जांबुत गांव में ढूंढ निकाला। शुरुआत में महिला ने पुलिस को बताया कि बच्चा गिरने से मर गया था। उसने डर के कारण बच्चे के शव को एक बैग में भरकर खेत के कुएं में फेंक दिया। इसी बयान के आधार पर पहले हादसे का मामला दर्ज किया गया था। लेकिन पुलिस को महिला की बातों में शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह बच्चे के रोने से परेशान रहती थी और अपने पति को छोड़कर किसी और से शादी करना चाहती थी। उसे लग रहा था कि बच्चा उसके रास्ते में बाधा है। इसी वजह से उसने गुस्से में आकर बच्चे का सिर पत्थर पर मारकर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने कुएं से बच्चे का सड़ा हुआ शव बरामद किया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। फिलहाल पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।



