Latest newsSports

बारिश से प्रभावित मैच में यशस्वी और वैभव ने मचाया धमाल, मुंबई पर जीत के साथ राजस्थान शीर्ष पर पहुंची

राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हरा दिया। मंगलवार को गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 13वें मुकाबले में बारिश बाधा बनी, जिसकी वजह से टॉस में देरी हुई और मैच 11-11 ओवर्स का हो सका। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल की तूफानी अर्धशतकीय पारी की मदद से 11 ओवर में तीन विकेट पर 150 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 11 ओवर में नौ विकेट पर 123 रन ही बना सकी।

राजस्थान रॉयल्स शीर्ष पर पहुंची
यह राजस्थान की इस सत्र की लगातार तीसरी जीत है। वहीं, मुंबई को लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले टीम को दिल्ली कैपिटल्स ने अरुण जेटली स्टेडियम में हराया था। राजस्थान इस जीत के साथ आईपीएल 2026 की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। उसके खाते में छह अंक और नेट रन रेट 2.403 का है। वहीं, मुंबई सातवें पायदान पर है। उसका नेट रन रेट -0.715 हो गया है। बारिश के चलते मैच की पहली गेंद रात 10 बजकर 10 मिनट पर फेंकी गई। इस दौरान 9-9 ओवरों की कटौती हुई। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने वैभव सूर्यवंशी के साथ पांच ओवरों में 80 रन की साझेदारी की। वैभव 14 गेंदों में पांच छक्कों और एक चौके के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे ध्रुव जुरेल महज दो रन ही टीम के खाते में जोड़ सके।
जायसवाल का 23 गेंदों में 17वां अर्धशतक
राजस्थान 84 के स्कोर तक अपने दो विकेट खो चुकी थी। यहां से जायसवाल ने कप्तान रियान पराग के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 37 रन जुटाए। रियान 10 गेंदों में तीन बाउंड्री के साथ 20 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जायसवाल ने शिमरॉन हेटमायर के साथ चौथे विकेट के लिए 13 गेंदों में 29 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 150 के स्कोर तक पहुंचाया। जायसवाल 32 गेंदों में चार छक्कों और 10 चौकों के साथ 77 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हेटमायर ने सात गेंदों में नाबाद छह रन बनाए। विपक्षी खेमे से गजनफर ने 21 रन देकर दो विकेट निकाले, जबकि शार्दुल ठाकुर ने एक विकेट अपने नाम किया।
IPL 2026 RR vs MI Result: Rajasthan Royals vs Mumbai Indians Key Highlights Analysis Points Table Update
ताश के पत्तों की तरह बिखरा मुंबई का बल्लेबाजी क्रम
इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने अपनी पारी के पहले ओवर की अंतिम गेंद पर रेयान रिकेल्टन (8) का विकेट खो दिया। उस समय तक टीम सिर्फ 10 ही रन बना सकी थी। इसके बाद रोहित शर्मा (5) ने सूर्यकुमार यादव (6) के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 10 रन जुटाए। यह टीम निरंतर अंतराल पर विकेट खोती रही। आलम ये रहा कि 46 के स्कोर तक उसके पांच विकेट गिर चुके थे। यहां से शेरफेन रदरफोर्ड ने नमन धीर के साथ छठे विकेट के लिए 17 गेंदों में 47 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 93 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन यह साझेदारी टूटते ही टीम फिर से लड़खड़ा गई। नमन धीर और रदरफोर्ड ने 25-25 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी खेमे से नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे को 1-1 सफलता हाथ लगी।

Related Articles

Back to top button