मुंबई के स्टोर पहुंचीं नाजिया इलाही खान, कर्मचारियों को लगाया तिलक; वायरल वीडियो

आईवियर रिटेल कंपनी लेंसकार्ट ड्रेस कोड को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। कारण है कि विवाद के बीच भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की नेता नाजिया इलाही खान सोमवार को मुंबई के एक लेंसकार्ट स्टोर पहुंचीं और वहां कर्मचारियों को तिलक लगाया। इसका वीडियो नाजिया इलाही खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। साथ ही कहा कि हिंदू पहचान और परंपराओं पर कभी समझौता नहीं करना चाहिए। यह बयान तब आया जब एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह स्टोर के कर्मचारियों से धार्मिक प्रतीकों को लेकर सवाल करती नजर आईं। वीडियो में देखा गया कि खान अपनी टीम के साथ स्टोर में गईं और मैनेजर से बात करने को कहा। मैनेजर ने अपना नाम मोहसिन खान बताया। इसके बाद नाजिया ने उनसे पूछा कि क्या स्टोर में तिलक जैसे हिंदू धार्मिक प्रतीकों पर रोक लगाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू प्रतीकों पर रोक लगाई जा रही है, जबकि हिजाब जैसे अन्य धार्मिक पहनावे की अनुमति है। हालांकि, मैनेजर ने इन आरोपों को साफ तौर पर खारिज कर दिया।



