‘आम लोगों को राहत और सभी के लिए बेहतर’, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने जीएसटी सुधारों को सराहा

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने हालिया जीएसटी सुधारों का स्वागत किया है। तिरुवनंतपुरम से सांसद ने इन सुधारों को अधिक निष्पक्ष प्रणाली करार देते हुए कहा कि ये सुधार आम लोगों को राहत देंगे और सभी के लिए बेहतर होंगे। रविवार को एएनआई से बात करते हुए थरूर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कई वर्षों से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों में बदलाव की मांग कर रही है। उन्होंने कहा, ‘हम कांग्रेस पार्टी में कई वर्षों से इसकी मांग कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हमारे नेता चार दरों से कम से कम दो या आदर्श रूप से एक करने की आवश्यकता पर जोर दे रहे थे, क्योंकि यह वास्तव में लोगों के साथ अन्याय है। जब चार दरें थीं, तो यह भ्रामक और कठिन था। लोग इससे खुश नहीं थे। इसलिए अब मुझे लगता है कि यह अधिक निष्पक्ष प्रणाली है और हमें उम्मीद है कि यह सभी के लिए बेहतर होगी।’
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने चुनाव नजदीक आते ही जीएसटी सुधार लागू कर दिए। खरगे ने ट्रंप प्रशासन की ओर से भारतीय निर्यात पर अमेरिकी टैरिफ लगाए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी आलोचना की।
‘जब चुनाव नजदीक हैं तो ऐसा कर रही सरकार’
उन्होंने कहा, ‘वे ऐसा अब कर रहे हैं, जब चुनाव नजदीक हैं और ट्रंप का दबाव बढ़ रहा है। ये लोग कहते रहे कि चीन को देश में घुसपैठ नहीं करने दी गई और अब प्रधानमंत्री मोदी खुद जाकर उनसे मिले… अगर हम उनका समर्थन कर रहे हैं, तो इसका मतलब यह नहीं कि वे मनमाने फैसले ले सकते हैं। हम जवाहरलाल नेहरू के समय से ही गुटनिरपेक्ष नीति पर चल रहे हैं। हालांकि, जब प्रधानमंत्री मोदी सत्ता में आए तो उन्होंने ‘ट्रंप मेरे दोस्त हैं’ जैसे बयान दिए। फिर ट्रंप ने ऐसे बयान दिए, जिससे देश और दुनिया का माहौल खराब हो गया। वे हमारी विदेश नीति को ठीक से लागू नहीं कर रहे हैं।’
5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत के दो स्लैब में तर्कसंगत बनाने का निर्णय
इससे पहले 3 सितंबर को 56वीं जीएसटी परिषद की बैठक में 12 प्रतिशत और 28 प्रतिशत की दरों को मिलाकर जीएसटी दरों को 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत के दो स्लैब में तर्कसंगत बनाने का निर्णय लिया गया था।



