‘अंडरटेकर-केन में भी लड़ाई…’, हार्दिक से अनबन की खबरों पर क्या बोले क्रुणाल पांड्या?

आईपीएल 2026 के दौरान क्रुणाल पांड्या और उनके भाई हार्दिक पांड्या के रिश्ते को लेकर चल रही अफवाहों पर आखिरकार विराम लग गया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के ऑलराउंडर क्रुणाल ने इन चर्चाओं को मजाक में उड़ाते हुए साफ कर दिया कि दोनों भाइयों के बीच सबकुछ ठीक है। हाल ही में आईपीएल 2026 के एक मुकाबले में आरसीबी और मुंबई इंडियंस आमने-सामने थे, जहां क्रुणाल और हार्दिक एक-दूसरे के खिलाफ खेलते नजर आए। सोशल मीडिया पर दोनों के बीच मुकाबले के कुछ वीडियो वायरल हुए, जिसके बाद फैंस ने उनके रिश्ते को लेकर कयास लगाने शुरू कर दिए। आरसीबी के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान जब होस्ट ने उनसे पूछा, ‘क्या सब ठीक है या कोई लड़ाई चल रही है?’ तो क्रुणाल हंस पड़े। इस पर होस्ट ने कहा- डब्ल्यूडब्ल्यूई में अंडरटेकर और केन में भी लड़ाई होती है।’ इसके बाद होस्ट द्वारा दोबारा पूछे जाने पर क्रुणाल ने साफ कहा, ‘सब ठीक है।’ उनका यह जवाब काफी स्पष्ट था कि भाइयों के बीच किसी तरह की अनबन नहीं है और सोशल मीडिया पर चल रही बातें सिर्फ अफवाह हैं।



