मणिशंकर अय्यर बोले- हिंदू राष्ट्र सोच भारत के लिए खतरा, बंट सकते हैं 43 राज्य

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणि शंकर अय्यर ने पाकिस्तान के साथ संवाद की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय और पाकिस्तानी आम नागरिकों के बीच बातचीत सबसे आसान है। उनका कहना है कि भाषा, मानसिकता और संस्कृति लगभग समान हैं। हम एक-दूसरे को पूरी तरह समझ सकते हैं। उनके कबाब शायद हमारे से बेहतर हों, लेकिन हम दोस्ताना प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं ‘नहीं, हमारे कबाब तुम्हारे से बेहतर हैं!’ अय्यर ने भारत की विदेश नीति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा हम अचानक अमेरिका के प्रति इतने घनिष्ठ और इस्राइल के साथ इतने करीब क्यों हो गए? हम रूस पर इतनी निर्भरता क्यों रखते हैं? अगर विभाजन की त्रासदी नहीं हुई होती, तो उस देश के नागरिक हमारे देश के नागरिक होते। फिर भी हम उनके खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। अगर वास्तव में साहस है, तो आमने-सामने बैठकर बात करें। हमारी सरकार इस निरंतर संवाद का साहस क्यों नहीं दिखा रही? उन्होंने कहा कि संवाद आवश्यक है क्योंकि इस प्रक्रिया में दोनों पक्ष अपनी शिकायतें रखेंगे और गलतियों को समझेंगे। उन्होंने इसे लंबी प्रक्रिया बताया जो महीनों तक चल सकती है और इतिहास के हर पहलू से जुड़ी होगी।



