पश्चिम बंगाल के 15 मतदान केंद्रों पर आज पुनर्मतदान, चुनाव आयोग ने क्यों लिया ये फैसला?

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों पर चुनावी धांधली की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने 15 मतदान केंद्रों पर दो मई को पुनर्मतदान का आदेश दिया है। यह निर्णय शुक्रवार को लिया गया। चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार, मगरा हाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान होगा। इन दोनों विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान संपन्न हुआ था। वहीं, फल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान को लेकर फैसला शनिवार को लिया जाएगा, क्योंकि वहां से अभी रिपोर्ट आनी बाकी है। चुनाव आयोग ने यह आदेश दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्टों और भौतिक परिस्थितियों के आधार पर जारी किया है। पुनर्मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के बाद 77 बूथों पर दोबारा मतदान की मांग की गई थी। आयोग इन शिकायतों की गंभीरता से लेते हुए 15 बूथों पर दोबारा मतदान का आदेश जारी कर दिया है। दरअसल, दक्षिण 24 परगना जिले की चार सीटों से ईवीएम से छेड़छाड़, कैमरों में बाधा और मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों वाली शिकायतें आई थीं। आयोग ने पहले ही साफ किया था कि बिना पूरी जांच के कोई फैसला नहीं लिया जाएगा।



