हिमाचल बोर्ड 10वीं परिणाम में सुधार, छह वर्षों का सबसे बड़ा रिकॉर्ड फिर भी नहीं टूटा

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने कक्षा 10वीं का रिजल्ट 2026 जारी कर दिया है। इस बार बोर्ड परीक्षा का परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा है। वर्ष 2025 में जहां कुल पास प्रतिशत 79.08 फीसदी था, वहीं इस बार यह बढ़कर 83.87 फीसदी पहुंच गया है। हालांकि इसके बावजूद बोर्ड पांच साल पहले बने रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाया। दरअसल, वर्ष 2021 में हिमाचल बोर्ड 10वीं का परिणाम 99.70 प्रतिशत रहा था, जो पिछले छह वर्षों में सबसे ज्यादा है। उस साल कोरोना महामारी के कारण मूल्यांकन प्रक्रिया अलग तरीके से अपनाई गई थी, जिसके चलते पास प्रतिशत बेहद ऊंचा रहा था।हिमाचल बोर्ड 10वीं परीक्षा के पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो परिणाम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इस बार का परिणाम पिछले साल से बेहतर जरूर रहा, लेकिन 2023 और 2022 के आंकड़ों तक भी नहीं पहुंच सका।



