ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ आज देशभर में केमिस्ट-ड्रगिस्ट करेंगे हड़ताल, मेडिकल स्टोर रहेंगे बंद

देशभर में बुधवार को 24 घंटों के लिए मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। अखिल भारतीय दवा विक्रेता संगठन (एआईओसीडी) ने ऑनलाइन दवा बिक्री की वैधता और नियमों पर सवाल उठाते हुए 20 मई, 2026 को 24 घंटे की राष्ट्रव्यापी दवा बिक्री हड़ताल का आह्वान किया है। संगठन का कहना है कि वर्तमान में ऑनलाइन दवा बिक्री पूरी तरह से गैरकानूनी है और उन्होंने सरकार से संबंधित अधिसूचनाओं को रद्द करने और एक नई नियामक रूपरेखा तैयार करने की मांग की है। एआईओसीडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेएस शिंदे ने बताया कि हाल ही में शुरू हुई ऑनलाइन दवा बिक्री नियमों का उल्लंघन करती है। उन्होंने विशेष रूप से जीएसआर 817 अधिसूचना का जिक्र किया, जिसे उन्होंने और संगठन ने पहले ही अनुचित बताया था। शिंदे के अनुसार, ऑनलाइन दवा बिक्री से माफिया को बढ़ावा मिल सकता है और इसके लिए एक मजबूत आईटी बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है, जिसका अभाव है।



