Latest newsSports

12 साल में पहली बार हुआ ऐसा, राजस्थान क्रिकेट में दौड़ी खुशी की लहर; जानें क्या है पूरा मामला

अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में मानव सुथार का चयन होने के बाद राजस्थान क्रिकेट में उत्साह का माहौल है। मानव पिछले 12 वर्षों में राजस्थान से भारतीय टेस्ट टीम में चुने जाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले राजस्थान के तेज गेंदबाज पंकज सिंह ने 2014-15 में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेला था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की सीनियर चयन समिति के फैसले का राजस्थान क्रिकेट से जुड़े लोगों ने स्वागत किया है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एड-हॉक समिति के संयोजक मोहित जसवंत यादव ने मानव सुथार को बधाई देते हुए उनके सफल अंतरराष्ट्रीय करियर की कामना की। उन्होंने कहा कि मानव का चयन पूरे राजस्थान क्रिकेट जगत के लिए गर्व का पल है और इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला छह जून से मुल्लांपुर में खेला जाएगा। इस सीरीज के जरिए मानव सुथार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का मौका मिलेगा।

राजस्थान से टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी
राजस्थान ने भारतीय टेस्ट क्रिकेट को अब तक कुछ ही खिलाड़ी दिए हैं। इनमें सलीम दुर्रानी का नाम प्रमुख है, जिन्होंने 1959-60 से 1972-73 तक भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 29 टेस्ट मैचों में 1202 रन बनाए और 75 विकेट हासिल किए। इसके अलावा हनुमंत सिंह ने 14 टेस्ट मैच खेले, जबकि पार्थसारथी शर्मा ने पांच टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व किया। पंकज सिंह ने दो टेस्ट मुकाबले खेले थे।
 
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
मानव सुथार का घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 945 रन बनाने के साथ 129 विकेट भी लिए हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 25 मैचों में 350 रन और 34 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 29 टी20 मुकाबलों में 25 विकेट हासिल किए हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन का ही नतीजा है कि उन्हें अब भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिला है।

Related Articles

Back to top button