Latest newsSports

वैभव सूर्यवंशी ने छुए पैर तो क्या बोले थे ‘लिटिल मास्टर’? तीन शब्दों में दिया था आशीर्वाद

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं। सिर्फ 15 साल की उम्र में उन्होंने जिस तरह बड़े मंच पर बेखौफ बल्लेबाजी की है, उसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में उनकी 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर और पूर्व क्रिकेटर संजय बांगड़ के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। भारतीय संस्कृति में बड़ों का सम्मान करने की यह परंपरा वैभव के व्यवहार में भी साफ दिखाई देती है। गावस्कर ने इंडिया टुडे से बातचीत में बताया कि उन्होंने युवा बल्लेबाज को सिर्फ तीन शब्दों का संदेश दिया। उन्होंने कहा, ‘लगे रहो बेटे…लगे रहो।’ गावस्कर ने आगे कहा कि अगर वह वैभव के साथ बल्लेबाजी कर रहे होते, तब भी यही बात कहते। यह बयान दिखाता है कि पूर्व भारतीय कप्तान युवा बल्लेबाज की प्रतिभा और आत्मविश्वास से काफी प्रभावित हैं। 

टी20 इंटरनेशनल में मौका देने की मांग
सुनील गावस्कर ने सिर्फ तारीफ ही नहीं की, बल्कि वैभव को जल्द भारतीय टी20 टीम में शामिल करने की भी वकालत की। स्पोर्ट्स तक के एक शो में उन्होंने कहा, ‘2026 को वैभव सूर्यवंशी के साल के रूप में याद किया जाएगा। वह टी20 इंटरनेशनल खेलने के लिए तैयार है।’ उन्होंने इंग्लैंड दौरे की टी20 सीरीज के लिए भी वैभव के चयन की बात कही। गावस्कर का मानना है कि इतनी शानदार पारियों के बाद अगर उन्हें मौका नहीं मिलेगा, तो फिर कब मिलेगा।
 
उम्र नहीं, प्रदर्शन देखना चाहिए
गावस्कर ने यह भी कहा कि चयनकर्ताओं को वैभव की उम्र नहीं, बल्कि उनका प्रदर्शन देखना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘उसकी उम्र मत देखिए। वह उन गेंदबाजों की धुनाई कर रहा है जिनके पास 15 साल का अंतरराष्ट्रीय अनुभव है। उसका निडर अंदाज देखिए।’ हालांकि, अगर वैभव को भारतीय प्लेइंग इलेवन में जगह दी जाती है, तो टीम प्रबंधन को अभिषेक शर्मा या संजू सैमसन में से किसी एक को बाहर बैठाना पड़ सकता है। यही वजह है कि चयन को लेकर बहस भी तेज हो गई है। फिलहाल इतना तय है कि आईपीएल 2026 ने भारतीय क्रिकेट को एक नया सितारा दे दिया है और आने वाले समय में वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें रहने वाली हैं।

Related Articles

Back to top button