Life Style

क्या आप भी अक्सर कब्ज-अपच जैसी पेट की समस्याओं से परेशान रहते हैं? जान लीजिए इसका कारगर उपाय

खान-पान की गड़बड़ी ने हमारी सेहत को कई प्रकार से प्रभावित किया है, इसका सबसे ज्यादा असर पाचन स्वास्थ्य पर देखा जा रहा है। कब्ज-अपच, भोजन करने के बाद पेट फूलने जैसी कई तरह की दिक्कतें बढ़ती जा रही  हैं। बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी इसका शिकार हो रहे हैं। क्या आप भी अक्सर पाचन की दिक्कतों से परेशान रहते हैं? स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, पाचन की दिक्कतों के कई कारण हो सकते हैं। वैसे तो ये खान-पान में गड़बड़ी से होने वाली समस्या मानी जाती है पर कई बार कुछ अंतर्निहित स्वास्थ्य स्थितियों के कारण भी आपका पेट गड़बड़ हो सकता है। यही कारण है कि अक्सर बने रहने वाली पाचन की समस्याओं का समय पर निदान और इलाज जरूर करा लेना चाहिए, जिससे बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सके। यदि पेट की ये दिक्कतें खान-पान या लाइफस्टाइल में गड़बड़ी के कारण हो रही हैं तो कुछ घरेलू उपायों से भी इसमें आराम पा सकते हैं। ऐसे लोगों के लिए पेठा का जूस फायदेमंद हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, पेठा लो कैलोरी और लो कार्बोहाइड्रेट वाला होता है, हालांकि इसमें फाइबर की भरपूर मात्रा होती है जो इसे सेहत के लिए कई प्रकार से लाभकारी बनाती है। पेठा का जूस पीना वजन घटाने से लेकर हृदय को स्वस्थ रखने तक में फायदेमंद है। गर्मियों के दिनों में इसका सेवन  शरीर को ठंडक भी देता है। लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाला होने के कारण पेठा का जूस पीना शुगर को कंट्रोल करने में भी मददगार हो सकता है। आहार विशेषज्ञ कहते हैं, पेठा का जूस पीना आपके पाचन स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी हो सकता है।
पाचन और हाइड्रेशन में मिलता है लाभ
पेठा का जूस पेट के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसमें उच्च मात्रा में डाइटरी फाइबर होता है, जो आंतों की गतिविधि को बेहतर बनाता है। ये आंतों में मौजूद हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में भी सहायक होता है। ये कब्ज की समस्या को दूर करता है और पानी की प्रचुरता के चलते  शरीर को हाइड्रेटेड भी रखता है। गर्मियों में इस जूस का सेवन करके शरीर को हाइड्रेट रखने और पेट ठीक रखने दोनों में लाभ पाया जा सकता है।
ash gourd juice nutrition and health benefits for stomach issues pachan thik karne ke gharelu upay

पेठे में पाए जाने वाले एंटीऑक्सिडेंट्स शरीर से विषाक्त तत्वों को बाहर निकालने में मदद करते हैं, जिससे पाचन बेहतर होता है। पेठे में मौजूद विटामिन-सी और मिनरल्स पेट की सूजन को कम करने में मदद करते हैं। यह पेट की गैस्ट्रिक समस्या और अम्लता को कम करने में सहायक है। पेठा हल्का और सुपाच्य होने से उन लोगों के लिए भी फायदेमंद होता है, जिनको अपच की समस्या है और हल्का भोजन चाहिए होता है। आयुर्वेदाचार्य वैद्य अच्युत त्रिपाठी कहते हैं, पेठा में मौजूद उच्च फाइबर पाचन को स्वस्थ रखता है। विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर, कम कैलोरी वाला यह पेय शरीर को ठंडक भी प्रदान करता है। गर्मियों में इसका सेवन लाभप्रद हो सकता है। लो कैलोरी होने के कारण डायबिटीज के मरीज आसानी से इसका सेवन कर सकते हैं। इसके सेवन का एक लाभ ये भी है कि इससे आपके चेहरे पर ग्लो आता है और मुंहासे कम होते हैं। हालांकि इसका बहुत अधिक सेवन करने से बचना चाहिए।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

Related Articles

Back to top button