श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर क्यों भड़के सूर्यवंशी? सुपर ओवर के बाद मैदान पर गरमाया था माहौल

भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेला गया त्रिकोणीय सीरीज का चौथा मुकाबला रोमांच के साथ-साथ विवादों के लिए भी याद रखा जाएगा। मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने जीत दर्ज की, लेकिन मुकाबले के बाद जो हुआ उसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीलंका ए के खिलाड़ी विशेन हलाम्बागे और भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों आपस में भिड़ते दिखे थे। हालांकि, अन्य खिलाड़ियों ने बीच बचाव किया और अंपायर को भी दोनों को रोकना पड़ा था। क्रिकबज की रिपोर्ट में बताया गया है कि सुपर ओवर समाप्त होने के बाद हलाम्बागे ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी से कहा, ‘मैच खत्म हो गया… अब घर जाओ…।’ यह टिप्पणी भारतीय बल्लेबाज को पसंद नहीं आई और वह नाराज हो गए। देखते ही देखते दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी बढ़ गई। मामला इतना बढ़ा कि अन्य खिलाड़ियों और अधिकारियों को हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराना पड़ा।



