‘वह बहुत ग्लैमरस थीं’, पल्लवी जोशी ने ‘डॉन’ के सेट पर जीनत अमान से मुलाकात को किया याद; कहा- वो लीक से हटकर…

एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर पल्लवी जोशी ने अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘डॉन’ के सेट पर दिग्गज एक्ट्रेस जीनत अमान से अपनी पहली मुलाकात को बड़े प्यार से याद किया। एक्ट्रेस ने बताया कि जीनत की शानदार पर्सनैलिटी और ग्लैमर को देखकर वह पूरी तरह से हैरान और निशब्द रह गई थीं। आईएनएस से बातचीत में पल्लवी जोशी ने बताया कि उन्होंने जीनत को पहली बार 1978 की मशहूर फिल्म ‘डॉन’ की शूटिंग के दौरान देखा था, जिसमें उनके बड़े भाई अलंकार जोशी काम कर रहे थे। पल्लवी ने कहा कि बचपन में मैं अक्सर फिल्म की शूटिंग पर जाया करती थी। तब मैं शायद आठ या नौ साल की रही होऊंगी। मुझे याद है कि महबूब स्टूडियो में ‘डॉन’ फिल्म की शूटिंग हो रही थी और मेरे भाई अलंकार उस फिल्म का हिस्सा थे, इसलिए मैं अक्सर उनके साथ जाती थी। अगली चीज जो मैंने देखी वह थी जीनत जी का सेट पर आना। मेरे पिता ने उनसे मेरा परिचय भी कराया, लेकिन एक बार फिर मैं पूरी तरह से अवाक रह गई।
उनकी पर्सनैलिटी किसी भी और हीरोइन से अलग थी
उस दौर की अन्य अभिनेत्रियों से जीनत अमान को क्या अलग बनाता था? इस बारे में बताते हुए पल्लवी ने कहा कि उनकी पर्सनैलिटी उस समय की किसी भी अन्य हीरोइन से बहुत अलग थी। वह लीक से हटकर दिखती थीं, लीक से हटकर भूमिकाएं चुनती थीं और उनके बारे में सब कुछ उनके हेयरस्टाइल और मेकअप से लेकर उनके कॉस्ट्यूम तक आम हीरोइन जैसे नहीं थे। फिर भी वह बहुत ग्लैमरस थीं। इतनी ग्लैमरस कि मेरे पास शब्द ही नहीं थे। मैं बस उन्हें देखती रह गई।
बहुत शालीन और प्यारी इंसान हैं जीनत अमान
अपनी पीढ़ी की सबसे बड़ी स्टार्स में से एक होने के बावजूद पल्लवी ने कहा कि जीनत अमान बहुत मिलनसार, शालीन और आसानी से बात करने लायक इंसान थीं। वह बहुत शालीन थीं। अगर आप उनके पास जाकर तस्वीर के लिए कहते तो वह तुरंत कहतीं ‘हाँ जरूर, आ जाइए।’ वह बहुत ही अच्छी, शालीन और काम करने में बहुत प्यारी इंसान रही हैं। अपनी पहली मुलाकात के कई दशकों बाद पल्लवी ने हाल ही में ‘द मारगाओ फाइल्स’ सीरीज में जीनत अमान के साथ काम किया।



