सोफिटेल मुंबई के टस्कर्स में राजस्थानी शाकाहारी विरासत का उत्सव

सीताराम मेवाती – मुंबई
राजस्थान की समृद्ध शाकाहारी पाक परंपराओं को मुंबई के भोजन प्रेमियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोफिटेल मुंबई बीकेसी के टस्कर्स रेस्तरां में ‘द महाराज लिगेसी’ नामक विशेष फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। 21 से 30 जून 2026 तक चलने वाले इस दस दिवसीय उत्सव में राजस्थान के पारंपरिक स्वाद, स्थानीय सामग्री और पीढ़ियों से चली आ रही पाक कला की झलक देखने को मिलेगी।
“व्हेन हेरिटेज ट्रैवल्स” थीम पर आधारित इस आयोजन में टस्कर्स के महाराज प्रतापगिरि स्वामी और फेयरमोंट उदयपुर पैलेस के सू-शेफ महाराज महेंद्र सिंह चुंडावत अपनी विशेष पाक कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। दोनों शेफ ने मेवाड़, मारवाड़, पाली और बांसवाड़ा क्षेत्रों की पारंपरिक खाद्य संस्कृति से प्रेरित मेन्यू तैयार किया है, जिसमें राजस्थानी व्यंजनों की विविधता और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता दी गई है।
आयोजकों के अनुसार, फेस्टिवल का उद्देश्य राजस्थान के प्रामाणिक शाकाहारी व्यंजनों को बढ़ावा देना और उनसे जुड़ी परंपराओं तथा कहानियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। मेन्यू में ऐसे व्यंजन शामिल किए गए हैं जो वर्षों से राजघरानों और स्थानीय परिवारों में तैयार किए जाते रहे हैं तथा आज भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए हैं।
महाराज प्रतापगिरि स्वामी का कहना है कि राजस्थान का भोजन वहां की संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारिवारिक मूल्यों से गहराई से जुड़ा हुआ है। वहीं महाराज महेंद्र सिंह चुंडावत के अनुसार, प्रस्तुत व्यंजनों में बांसवाड़ा और राजस्थान के ग्रामीण अंचलों की पारंपरिक पाक शैली की झलक मिलती है।
फेस्टिवल में आने वाले मेहमान बाजरे की राब, केर सांगरी, दाल बाटी चूरमा, गट्टे की साग, खोबा रोटी तथा रबड़ी के साथ मालपुआ जैसे लोकप्रिय राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। सोफिटेल मुंबई बीकेसी के एग्जीक्यूटिव शेफ वैभव पाटिल ने कहा कि होटल देश की विविध क्षेत्रीय खाद्य परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे विशेष आयोजनों का आयोजन करता रहेगा।
यह फूड फेस्टिवल टस्कर्स में लंच और डिनर दोनों समय उपलब्ध है। लंच थाली की कीमत ₹2,250 तथा डिनर सेट मेन्यू और आ ला कार्ट विकल्प ₹3,500 (कर अतिरिक्त) में उपलब्ध हैं।



