‘मैं ब्राह्मण हूं इसलिए आगे नहीं बैठने दिया’, भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने विधायक पर लगाए आरोप

महाराष्ट्र भाजपा में एक नया विवाद सामने आया है। भाजपा की राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी ने अपनी ही पार्टी के विधायक अभिमन्यु पवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कुलकर्णी का दावा है कि पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें केवल ब्राह्मण होने की वजह से मंच की पहली पंक्ति में बैठने से रोका गया। हालांकि, विधायक अभिमन्यु पवार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पूरे मामले को गलतफहमी बताया है। यह विवाद पुणे में आयोजित उस कार्यक्रम के दौरान हुआ, जिसमें संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हुए मराठा समुदाय के छात्रों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे। मेधा कुलकर्णी के अनुसार, कार्यक्रम में कुछ मंत्रियों की अनुपस्थिति के कारण प्रोटोकॉल के तहत उन्हें पहली पंक्ति में बैठने का अधिकार था।
क्या भाजपा के भीतर बढ़ सकती है सियासी चर्चा?
इस विवाद ने भाजपा के भीतर असहज स्थिति पैदा कर दी है। हालांकि, पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन एक ही पार्टी के दो नेताओं के बीच सार्वजनिक रूप से सामने आए इस विवाद ने महाराष्ट्र भाजपा में अंदरूनी मतभेदों और जातीय संवेदनशीलता को लेकर चर्चा को जरूर तेज कर दिया है।



