फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है, इस फिल्म को निर्देशक विवेक अग्निहोत्री निर्देशित करेंगे। फिल्म को भूषण कुमार प्रोड्यूस कर रहे हैं। आधिकारिक घोषणा करते हुए मेकर्स ने फिल्म को लेकर जानकारी साझा की है। विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि इस फिल्म को लेकर उन्होंने काफी गहरी रिसर्च की है। जानिए, फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विवेक अग्निहोत्री ने क्या कहा?
विवेक अग्निहोत्री ने साझा की जानकारी
अपनी फिल्म को लेकर विवेक अग्निहोत्री ने इंस्टाग्राम पर गुरुवार को पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘भूषण कुमार और मैंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए हाथ मिलाया है। यह एक ऐसी कहानी है जिसने हमारे देश में सुरक्षा की परिभाषा ही बदल दी। पाकिस्तान के परमाणु झूठ का पर्दाफाश किया। यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल केजीएस टाइनी ढिल्लों की किताब ‘ऑपरेशन सिंदूर- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान’ पर आधारित है।’
फिल्म को लेकर की गई गहन रिसर्च
आगे अपनी पोस्ट में विवेक लिखते है, ‘पहलगाम आतंकी हमले के बाद के हालात पर आधारित यह कहानी होगी। इसमें भारतीय सशस्त्र बलों की कई शाखाओं के सहयोग से हमने जमीनी स्तर पर गहन रिसर्च की है। यह कहानी सच्ची है। इसका मकसद सिर्फ शोर मचाना नहीं है। हम तथ्यों के साथ और सिनेमा के जादू के जरिए दुनिया को हकीकत दिखाना चाहते हैं।’ इन दिनों ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर खूब कमाई कर रही है। फिल्म ने 600 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कर ली है। वहीं वर्ल्डवाइड इस फिल्म का कलेक्शन 1000 करोड़ रुपये के पार जा चुका है। फिल्म की इस सफलता ने बॉलीवुड को हैरान कर दिया। यही वजह है कि अब असल घटनाओं से प्रेरित एक्शन फिल्मों की घोषणा सुनने को मिल रही है।