Latest newsPodcast

निकाय चुनाव लड़े प्रत्याशियों को जोड़ेगी भाजपा, प्रदेश अध्यक्ष ने बताया-विधानसभावार होंगे सम्मेलन

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा अब निकायों में कसरत करेगी। इसके लिए निकाय चुनाव लड़े भाजपा प्रत्याशियों के साथ निर्दलीयों और कांग्रेस से भाजपा में आने की ख्वाहिश रखने वाले प्रत्याशियों के विधानसभावार सम्मेलन कराए जाएंगे। सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में सोमवार को भाजपा की प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठ कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इसमें निकाय, स्वयं सहायता समूह, पंचायत, एनजीओ, विधि एवं गोरखा प्रकोष्ठ के प्रदेश एवं जिला संयोजक एवं सह-संयोजकों ने हिस्सा लिया। आगामी कार्यक्रमों एवं कार्ययोजना पर प्रकोष्ठों की भूमिका की दृष्टि से विस्तृत मंथन किया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की शक्ति हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठन की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि हमें सभी उन प्रत्याशियों का विधानसभावार सम्मेलन करना है, जो निकाय चुनाव लड़े थे। इनमें भाजपा के अलावा निर्दलीय और कांग्रेस छोड़कर भाजपा आने की इच्छा रखने वाले प्रत्याशी भी शामिल होंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने एसआईआर, डिजिटल लर्निंग अभियान एवं संगठन के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से संचालित प्रत्येक अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में प्रकोष्ठों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने सभी जिला संयोजकों को निर्देश दिए कि 30 जुलाई तक मंडल स्तर की कार्यकारिणी की घोषणा पूरी कर ली जाए। इससे प्रदेशभर में प्रस्तावित जिलावार भ्रमण कार्यक्रम व संगठन के आगामी कार्यक्रमों का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हो सकेगा। बैठक में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, प्रदेश प्रकोष्ठ सह-संयोजक सतीश अग्रवाल सहित प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों के संयोजक, सह-संयोजक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button