‘प्रदर्शनकारियों को झूठे केस में फंसाने की धमकी’, मुंबई पुलिस का वीडियो वायरल, जांच के आदेश

मुंबई में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। मुंबई कांग्रेस ने इस वीडियो को साझा करते हुए आरोप लगाया है कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों को मुंबई पुलिस के कुछ कर्मियों ने धमकी दी कि यदि वे दोबारा प्रदर्शन में शामिल हुए तो उन्हें ड्रग्स के झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा और उनकी पूरी जिंदगी जेल में बीत जाएगी।
कांग्रेस ने प्रशासन से पूछे सवाल
वीडियो के आधार पर कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि यदि वीडियो में सुनाई दे रही बातें सही हैं, तो यह केवल छात्रों को डराने-धमकाने का मामला नहीं, बल्कि नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। कांग्रेस ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना और विरोध दर्ज कराना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। ऐसे में छात्रों के सवालों का जवाब धमकियों से नहीं, बल्कि जवाबदेही और संवाद से दिया जाना चाहिए। कांग्रेस ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पार्टी का कहना है कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों से निष्पक्ष और संवैधानिक आचरण की अपेक्षा की जाती है।
मुंबई पुलिस ने क्या कहा?
विवाद बढ़ने के बाद मुंबई पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है। मुंबई पुलिस के डीसीपी अकबर पठान ने बताया कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों की पुष्टि के बाद कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी अकबर पठान ने कहा कि वीडियो में जो ड्राइवर ड्रग्स वाली बात बोल रहा है, उसे उसकी वर्तमान पोस्टिंग से हटा दिया गया है।



