Latest newsSports

वैभव सूर्यवंशी का तूफान, अपनी पारी में 7 चौके…7 छक्के जड़े; 57 साल पुराना कौन सा रिकॉर्ड तोड़ा?

दलीप ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी का कहर देखने को मिला है। ईस्ट जोन से खेल रहे वैभव सेंट्रल जोन के गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे हैं। उन्होंने 81 गेंद में सात चौके और सात छक्के की मदद से 92 रन की पारी खेली और शतक से चूक गए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 113.58 का रहा। इस पारी के साथ ही वैभव ने 57 साल पुराना भारतीय घरेलू क्रिकेट का एक रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। साथ ही अफगानिस्तान की टीम को आगामी टी20 सीरीज से पहले चेतावनी भी दी है। 
ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन का मुकाबला
दरअसल, बंगलूरू के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच दलीप ट्रॉफी का सेमीफाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। सेंट्रल जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 266 रन बनाए। जवाब में ईस्ट जोन की पहली पारी जारी है। टीम ने 161 रन पर दो विकेट गंवाए। ईस्ट जोन के लिए अभिमन्यू ईश्वरन और वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी के लिए उतरे। दोनों ने पहले विकेट के लिए 161 रन की साझेदारी निभाई। वैभव ने सेंट्रल जोन के गेंदबाज आर्यन पांडेय, यश ठाकुर, अरशद खान और सारांश जैन की जमकर धुनाई की। हालांकि, वह हर्ष दुबे की गेंद पर अरशद को कैच थमा बैठे। हर्ष ने फिर कुमार कुशाग्र का भी विकेट लिया। कुशाग्र खाता नहीं खोल सके। खबर लिखे जाने तक ईश्वरन अर्धशतक लगाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, उनके साथ सुदीप कुमार घरामी क्रीज पर हैं।
वैभव ने 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा 
  • वैभव ने केवल 42 गेंद पर ही 50 रन पूरे कर लिए थे। तब तक उन्होंने तीन छक्के और पांच चौके लगाए थे। वह दलीप ट्रॉफी में पिछले 57 साल में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने।
  • इस दौरान उन्होंने लक्ष्मण सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा। लक्ष्मण ने 1969 में 16 साल 23 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर यह रिकॉर्ड बनाया था।
  • भारत के पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने दलीप ट्रॉफी में 2005 में 16 साल 307 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था।  अगर वैभव सूर्यवंशी अपना शतक पूरा कर लेते, तो मात्र 15 साल और 175 दिन की उम्र में यह उनका पहला प्रथम श्रेणी शतक होता। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी क्रिकेट में 93 रन था।  सूर्यवंशी ने सोमवार को जो 92 रन बनाए, वह उनके 10वें मैच में केवल दूसरा प्रथम श्रेणी अर्धशतक था।  वह अपने करियर में टी20 क्रिकेट में पहले ही चार शतक और आठ अर्धशतक लगा चुके हैं। राजस्थान रॉयल्स द्वारा 1.1 करोड़ रुपये में रिटेन किए गए सूर्यवंशी, आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 237.3 के स्ट्राइक-रेट से एक शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे।

Related Articles

Back to top button