Latest newsSports

पहली चार गेंदों पर जड़ी बाउंड्री, फिर यश ठाकुर की गेंद पर गंवा बैठे विकेट

ईस्ट जोन के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले की दूसरी पारी में अर्धशतक से चूक गए हैं। वैभव ने यश ठाकुर को अपने निशाने पर लिया उनकी पहली चार गेंदों पर बाउंड्री लगाई। लेकिन पांचवीं गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। बंगलूरू के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जा रहे इस मुकाबले के तीसरे दिन सेंट्रल जोन ने ईस्ट जोन के सामने 159 रनों का लक्ष्य रखा है।  
रजत पाटीदार ने पकड़ा कैच
लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने ईस्ट जोन को अच्छी शुरुआत दिलाई और लय में नजर आए। वैभव ने 43 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। वैभव भले ही यश ठाकुर का शिकार बने, लेकिन आउट होने से पहले उन्होंने यश ठाकुर को अपने निशाने पर लिया। वैभव ने यश की पहली चार गेंदों पर बाउंड्री लगाई। उन्होंने पहली गेंद पर चौका, दूसरी पर छक्का और अगली दोनों गेंदों पर चौके जड़े। लेकिन वह तेजी से खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। यश की गेंद पर रजत पाटीदार ने वैभव का शानदार कैच पकड़ा।  वैभव ने अभिमन्यू ईश्वरन के साथ मिलकर पारी की शुरुआत की। वैभव ने इस दौरान संभलकर खेलना शुरू किया। उन्होंने आठवें ओवर की पहली गेंद पर आर्यन पांडे को छक्का जड़ा। मैच की बात करें तो ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन ने पहली पारी में एक समान 266 रन बनाए। सेंट्रल जोन की दूसरी पारी तीसरे दिन 158 रन पर ऑलआउट हुई जिससे ईस्ट जोन को 159 रनों का लक्ष्य मिला है। 
पहली पारी में भी दिखा था दम
इससे पहले, वैभव ने पहली पारी में भी अपना दम दिखाया था। उन्होंने 81 गेंदों पर सात चौकों और सात छक्कों की मदद से 92 रन बनाए। वैभव ने 15 साल 157 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। वह पहली पारी में शतक लगाने से चूक गए थे। ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन के खिलाफ शिकंजा कस लिया है और टीम फाइनल में पहुंचने के करीब है।

Related Articles

Back to top button