Celebrity newsLatest news

‘मेरी नजर में यह राष्ट्रविरोधी’, दीया मिर्जा के बाद पटाखे जलाने को लेकर भड़कीं आलिया भट्ट की मां

दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। अभिनेत्री दीया मिर्जा का प्रदूषण मुक्त दिवाली की अपील वाला वीडियो हटाए जाने के बाद अब दिग्गज अभिनेत्री सोनी राजदान ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है। उन्होंने दिवाली पर एक भी पटाखा जलाने को ‘एंटी-नेशनल’ बताया है। उनका कहना है कि पटाखों से होने वाला प्रदूषण बच्चों की सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। सोनी राजदान ने मंगलवार देर रात अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, ‘किसी भी छोटे बच्चे के माता-पिता से पूछिए, वे बताएंगे कि वायु प्रदूषण की वजह से उनके बच्चे कितनी तकलीफ झेल रहे हैं। बीमारी के कारण उन्हें कितने दिन स्कूल छोड़ना पड़ता है। ऐसे हालात में अगर कोई मुझसे कहता है कि इस दिवाली एक भी पटाखा जलाना बिल्कुल ठीक है, तो मैं यही कहूंगी कि यह जिंदगी, सेहत और हां… देश के खिलाफ है।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘सेहत एक ऐसा फैसला है, जो हम अपने और अपने बच्चों के लिए लेते हैं। आइए, सही फैसला करें।’ बता दें कि सोनी राजदान ने इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन को बंद कर दिया है। 
Alia Bhatt Mother Soni Razdan Appeals Not To Burst Crackers On Diwali After Dia Mirza
सोनी राजदान का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पहले ही मुंबई नगर निगम ने अभिनेत्री दीया मिर्जा का प्रदूषण मुक्त दिवाली का संदेश देने वाला वीडियो हटा दिया था। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की आपत्ति के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने यह कदम उठाया था। वीडियो हटाए जाने पर दीया मिर्जा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और निराशा पर उम्मीद की जीत का त्योहार है। यह वीडियो लोगों को जागरूक करने और स्वस्थ तरीके से त्योहार मनाने की अपील के लिए बनाया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि वायु प्रदूषण जनस्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है और इसे कम करने की हर कोशिश बेहतर पर्यावरण की दिशा में एक कदम है।
 
वीडियो में माधुरी दीक्षित और अजिंक्य रहाणे भी थे शामिल
दीया मिर्जा के अलावा इस वीडियो में अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे समेत कई जानी-मानी हस्तियां शामिल थीं। खास बात यह रही कि वीडियो में बाकी सितारों के संदेश तो बने रहे, लेकिन दीया मिर्जा का वीडियो हटा दिया गया। 
 
बॉम्बे हाईकोर्ट ने बीएमसी को लगाई फटकार
इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई नगर निगम को फटकार लगाई थी। कोर्ट ने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और पर्यावरण का मुद्दा किसी धर्म या जाति से जुड़ा नहीं है। हर व्यक्ति एक ही हवा में सांस लेता है। कोर्ट ने यह भी कहा कि उसने किसी नेता या आपत्ति जताने वाले व्यक्ति को प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले वीडियो बनाते नहीं देखा। अदालत के मुताबिक, बीएमसी कमिश्नर ने जागरूकता अभियान के लिए जिन हस्तियों को चुना था, वह बिल्कुल सही फैसला था। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में गैर जरूरी मुद्दे उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। अदालत ने सुझाव दिया कि अगर दीया मिर्जा का वीडियो हटाया गया है, तो उसे दोबारा अपलोड किया जाना चाहिए। साथ ही कोर्ट ने संविधान की धर्मनिरपेक्ष भावना को बनाए रखने की भी बात कही।

Related Articles

Back to top button