India newsLatest news

‘दुनिया की शीर्ष सैन्य शक्ति बनेगा भारत’, राजनाथ बोले- 2029 तक तीन लाख करोड़ के रक्षा उत्पादन का लक्ष्य

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत विश्व की नंबर एक सैन्य शक्ति के रूप में उभरेगा। सिंह ने कहा, इस साल देश का रक्षा उत्पादन 1.60 लाख करोड़ से अधिक होने की उम्मीद है और 2029 तक तीन लाख करोड़ के सैन्य उपकरणों के निर्माण का लक्ष्य है। डिफेंस कॉन्क्लेव 2025-फोर्स ऑफ द फ्यूचर में राजनाथ ने कहा कि भारत रक्षा उपकरणों के आयात पर अपनी निर्भरता कम करेगा और एक रक्षा औद्योगिक परिवेशी तंत्र बनाएगा। यह तंत्र न केवल देश की जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि रक्षा निर्यात की क्षमता को भी मजबूत करेगा। वह दिन दूर नहीं जब भारत न केवल विकसित देश के रूप में उभरेगा, बल्कि हमारी सैन्य शक्ति भी विश्व में शीर्ष पर होगी। सिंह ने कहा, भारत न केवल अपनी सीमाओं को सुरक्षित कर रहा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय रक्षा परिवेशी तंत्र में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में भी अपनी स्थिति बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र का पुनरुद्धार और सुदृढ़ीकरण सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है। सरकार की पहली और सबसे बड़ी चुनौती इस मानसिकता को बदलना है कि भारत अपनी रक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए केवल आयात करेगा।
देश के रक्षा उत्पादन को मजबूती प्रदान कर रहा मेक इन इंडिया
रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम न केवल देश के रक्षा उत्पादन को मजबूत कर रहा है, बल्कि इसमें वैश्विक रक्षा आपूर्ति शृंखला को लचीला और सुदृढ़ बनाने की क्षमता भी है। सिंह ने कहा कि आज, जहां भारत का रक्षा क्षेत्र आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहा है, वहीं वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं को लचीला बनाने में भी बहुत बड़ी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

Related Articles

Back to top button