Latest newsSports

‘इंग्लैंड दौरा शुभमन के लिए कठिन परीक्षा’, डिविलियर्स बोले- मुंबई-पंजाब में होगी जबरदस्त टक्कर

दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स इन दिनों भारत के दौरे पर हैं। मुंबई में उन्होंने भारतीय क्रिकेट के कई पहलुओं को लेकर बात की है। उन्होंने शुभमन गिल के टेस्ट कप्तान बनने से लेकर भारत के इंग्लैंड दौरे और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को लेकर भी बातचीत की है। डिविलियर्स ने कहा कि उन्हें उम्मीद है रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम इस साल चैंपियन बनेगी। आरसीबी के फाइनल में पहुंचने पर डिविलियर्स ने कहा- मुझे बहुत खुशी है कि बेंगलुरु की टीम फाइनल में पहुंच गई है। मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार रात जीत हासिल की। अब बहुत अच्छा क्वालिफायर 2 का मुकाबला होने जा रहा है (मुंबई और पंजाब के बीच)। मैं फाइनल का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं और उम्मीद है कि यह साल आरसीबी के लिए अच्छा रहेगा।’कोहली के टेस्ट से संन्यास पर डिविलियर्स ने कहा, ‘उन्होंने अपने दिल की बात सुनी होगी। विराट ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनी। उन्होंने वर्षों तक दुनिया भर में क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है और सौभाग्य से हम उन्हें अभी भी क्रिकेट के मैदान पर देखेंगे। टेस्ट मैचों में उनकी कमी खलेगी। उन्होंने लाल गेंद में एक महान विरासत छोड़ी है।’
गिल के नए टेस्ट कप्तान बनने पर बोले डिविलियर्स
डिविलियर्स ने गिल को भारतीय टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किए जाने पर कहा, ‘अब समय आ गया है कि युवा खिलाड़ी आगे आएं। शुभमन गिल जिम्मेदारी ले रहे हैं। भारत में काफी प्रतिभा है और इसका श्रेय काफी हद तक आईपीएल को जाता है। हमने इस साल वैभव सूर्यवंशी को देखा। इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम की और गिल की कड़ी परीक्षा होगी।’
मुंबई और पंजाब के बीच खेला जाएगा क्वालिफायर-दो
दरअसल, मुंबई ने शुक्रवार को एलिमिनेटर में गुजरात को 20 रन से हराकर क्वालिफायर-दो में जगह बनाई। अब एक जून को अहमदाबाद में क्वालिफायर-दो का मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, तीन जून को अहमदाबाद में ही फाइनल खेला जाएगा। आरसीबी की टीम ने क्वालिफायर एक में पंजाब को हराया था और सीधे फाइनल में एंट्री ली थी। वहीं, आईपीएल के खत्म होने के बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड का दौरा करना है। वहां टीम इंडिया पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसकी शुरुआत 20 जून से होने जा रही है। गिल एक युवा टीम इंडिया की अगुआई करेंगे।

Related Articles

Back to top button