जल्द ही सिनेमाघरों में अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ रिलीज होने वाली है। इस फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेशन मिल गया है लेकिन कुछ सीन्स, शब्दों पर कैंची भी चली है। फिल्म को यू\ए 13 प्लस सर्टिफिकेट मिला है।
फिल्म में कई जगह पर किए गए बदलाव
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक फिल्म ‘धमाल 4’ को सेंसर बोर्ड (CBFC) से सर्टिफिकेशन मिल चुका है। इसे यू\ए 13 प्लस सर्टिफिकेट दिया गया है। फिल्म में कुछ छोटे-बड़े बदलाव भी करने को कहा गया है। सेंसर बोर्ड ने दो सीन को काटा है, क्योंकि इन्हें अश्लील माना गया था। फिल्म में सात जगहों पर कुछ शब्दों को भी बदला गया है। इन बदलावों के अलावा फिल्म में चेंज नहीं है। 2 तारीख को इन बदलावों के साथ सेंसर बोर्ड ने ‘धमाल 4’ को पास कर दिया। सेंसर से पास होने के बाद इस फिल्म का रनटाइम अब 143 मिनट रह गया है यानी 2 घंटे 23 मिनट की फिल्म थिएटर में रिलीज होगी।
कब रिलीज होगी फिल्म ‘धमाल 4’?
अजय देवगन स्टारर इस फिल्म के निर्देशक इंद्र कुमार हैं। इसमें रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, अरशद वारसी के अलावा पुरानी स्टार कास्ट नजर आ रही है। फिल्म में रवि किशन, ईशा गुप्ता, अंजलि आनंद जैसे एक्टर्स भी नजर आएंगे। यह फिल्म 10 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।