Latest newsSports

त्रिकोणीय T20 सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम का एलान, ‘बेबी एबी’ ब्रेविस की दो साल बाद वापसी

दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी टी20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है। रसी वान डर डुसेन को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वहीं, ‘बेबी एबी’ के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस को आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने करीब दो साल बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी की है। 22 साल के ब्रेविस ने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगस्त 2023 में किया था। इस सीरीज के बाद उन्हें पिछले दो वर्षों में मौका नहीं मिला। अब उन्होंने वापसी की है। ब्रेविस ने आईपीएल 2025 में रिप्लेसमेंट के तौर पर आने के बाद शानदार प्रदर्शन किया था। चेन्नई सुपर किंग्स से खेलते हुए उन्होंने छह मैचों में 180 के स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाए थे। इसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। ब्रेविस ने मैच फिनिशर का रोल बखूबी निभाया था। इसी प्रदर्शन का इनाम उन्हें मिला है। अगले साल टी20 विश्व कप भी होना है। इसी को ध्यान में रखते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम तैयार की जा रही है। कप्तान डुसेन और ब्रेविस के अलावा टीम में कॉर्बिन बॉश, नांद्रे बर्गर, गेराल्ड कोएत्जी और रीजा हेंड्रिक्स अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे। वहीं, रुबिन हरमैन, जॉर्ज लिंडे, क्वेन मफाका और लुंगी एनगिडी भी हैं। इसके अलावा सेनुरन मुथुस्वामी, नकाबा पीटर, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस और एंडिले सिमलाने को भी स्क्वॉड में जगह मिली है। दक्षिण अफ्रीका की टीम 14 से 26 जुलाई के बीच न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज खेलेगी।
इस सीरीज का पहला मैच 14 जुलाई को जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। फिर 16 जुलाई को दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला न्यूजीलैंड से, 18 जुलाई को जिम्बाब्वे का मुकाबला न्यूजीलैंड से, 20 जुलाई को जिम्बाब्वे का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से, 22 जुलाई को न्यूजीलैंड का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से और 24 जुलाई को जिम्बाब्वे का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। 26 जुलाई को अंक तालिका पर शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें फाइनल में भिड़ेंगी। ये सभी मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे।
दक्षिण अफ्रीका की T20 टीम (न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ): रसी वान डर डुसेन, कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, गेराल्ड कोएत्जी, रीजा हेंड्रिक्स, रुबिन हरमैन, जॉर्ज लिंडे, क्वेन मफाका, सेनुरन मुथुस्वामी, लुंगी एनगिडी, नकाबा पीटरस, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, एंडिले सिमलेन।

Related Articles

Back to top button