भ्रष्टाचार मामले में फंसे इस्राइली पीएम; ट्रंप समर्थन में उतरे, बोले- उन्हें बड़ा काम करना है

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी के आरोपों में फंसे हुए हैं। इस्राइली पीएम के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई भी शुरू हो गई है, जिस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है और इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू का समर्थन किया है। ट्रंप ने इसे राजनीतिक साजिश बताया और कहा कि यह भयावह स्थिति है।
नेतन्याहू के समर्थन में खुलकर आए ट्रंप
दरअसल इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू हमास, हिजबुल्ला और ईरान के साथ लड़ाई के बीच अपने देश में घिरे हुए हैं। नेतन्याहू पर रिश्वतखोरी, धोखाधड़ी और विश्वासघात जैसे आरोप हैं। हालांकि नेतन्याहू ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया और इन्हें फर्जी बताया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘इस्राइल में बेंजामिन नेतन्याहू के साथ जो कुछ किया जा रहा है, वह एक भयावह स्थिति है। वह एक युद्ध नायक और प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने ईरान में खतरनाक परमाणु खतरे से छुटकारा पाने में अमेरिका के साथ मिलकर शानदार काम किया है। अहम बात ये है कि वह अभी हमास के साथ एक समझौते पर बातचीत कर रहे हैं, जिसमें बंधकों को वापस लाना शामिल है, लेकिन उन्हें पूरा दिन अदालत में बिताना पड़ रहा है और वो भी बिना किसी बात के! यह और कुछ नहीं वैसी ही राजनीतिक प्रताड़ना है, जैसी मुझे झेलनी पड़ी थी।’
‘बीबी को अभी बड़ा काम करना है, उन्हें छोड़ दें’
ट्रंप ने लिखा कि ‘ये बिल्कुल गलत है, जो बेकाबू अभियोजकों द्वारा नेतन्याहू के साथ किया जा रहा है। अमेरिका इस्राइल की मदद और समर्थन के लिए हर साल अरबों डॉलर खर्च करता है और यह किसी भी अन्य देश की तुलना में कहीं ज्यादा है, लेकिन हम इसमें उनके साथ नहीं हैं। हमने अभी शानदार जीत हासिल की है और इससे जीत का स्वाद बेकार ही होगा। बीबी को जाने दें, उन्हें अभी बड़ा काम करना है।’



