‘दिल पे चलाईं छुरियां’ वाले इंटरनेट सेंसेशन राजू कलाकार से मिले सोनू निगम, कर दिया बड़ा ऐलान

बॉलीवुड के दिग्गज गायक सोनू निगम ने हाल ही में इंटरनेट सेंसेशन बन चुके राजू कलाकार से मुलाकात की। इंटरनेट पर इन दिनों ‘दिल पे चलाईं छुरियां’ गाने के अपने वर्जन से धूम मचा चुके राजू से मिलकर सोनू निगम ने बड़ा ऐलान किया है। वर्षों पुराने मशहूर गाने ‘दिल पे चलाईं छुरियां’ को राजू ने अपने ही अंदाज में ऐसे पेश किया कि देखते ही देखते गाना पूरी तरह से वायरल हो गया। अब एक बार फिर से दोनों साथ मिलकर बड़ा धमाका करने की तैयारी में हैं। मूल रूप से गुजरात के सूरत के रहने वाले राजू कलाकार का असली नाम राजू भट्ट है। वो पेशे से कठपुतली चलाते हैं। लेकिन कुछ हफ्ते पहले, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ उनका एक वीडियो पूरी तरह उनकी किस्मत बदल गया। पत्थर के दो छोटे टुकड़ों को म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट की तरह बजाकर और दर्द भरे चेहरे के साथ जब उन्होंने ‘दिल पे चलाईं छुरियां’ गाया, तो लोग देखते ही रह गए। वीडियो इतना लोकप्रिय हुआ कि इसे 143 मिलियन से भी ज्यादा बार देखा गया। लोगों ने राजू की तुलना खुद सोनू निगम से शुरू कर दी, जिनका ये गाना 1995 में फिल्म ‘बेवफा सनम’ में आया था।
सोनू निगम ने राजू से की मुलाकात
राजू की काबिलियत से प्रभावित होकर सोनू निगम ने खुद उनसे मुलाकात की और उनके साथ एक वीडियो शूट किया। वीडियो में दोनों साथ बैठकर गा रहे हैं और सोनू निगम राजू द्वारा इस्तेमाल किए गए पत्थरों से खुद म्यूजिक निकालते दिखते हैं। इस वीडियो को टी-सीरीज ने शूट और शेयर किया है। इसके अलावा सोनू निगम ने भी अपने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, ‘आप इसे गुनगुना रहे हैं, अब इसे फिर से सुनने के लिए तैयार हो जाइए। इस सोमवार कुछ खास आने वाला है।’ साफ है कि दोनों मिलकर इस गाने का नया वर्जन लाने की तैयारी कर चुके हैं।
सोशल मीडिया पर रिएक्शन्स
वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर कई लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। एक यूजर ने लिखा ‘राजू भाई की तो लॉटरी लग गई,’ तो कोई बोला ‘वाकई मेहनत रंग लाई।’ कई लोगों ने इंटरनेट का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि ये सब उसी का कमाल है। सेलेब्स भी इस वीडियो को सराह रहे हैं। यशराज मुखाते ने कमेंट किया, ‘मुझे इंटरनेट से प्यार है।’ बता दें साल 1995 में फिल्म ‘बेवफा सनम’ में इस गाने को सोनू निगम ने गाया था, लेकिन अब 30 साल बाद इसे राजू भट्ट उर्फ राजू कलाकार की बदौलत एक नई जिंदगी मिल गई है।



