तेज बुखार और पत्नी की जिद ने बचाई जान, एयर इंडिया की उसी फ्लाइट में जाने वाले थे उमंग

अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने जहां एक ओर पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। वहीं दूसरी ओर गुजरात के रहने वाले डॉक्टर उमंग पटेल को तेज बुखार और उनकी पत्नी की जिद ने बाल-बाल बचा लिया। आज भी उमंग भगवान और अपने परिवार का बार-बार शुक्रिया अदा कर रहे हैं। इस बात को ऐसे समझिए कि हादसे का शिकार हुई एयर इंडिया की विमान जिसमें 241 लोगों की जान चली गई थी, उसी विमान से उमंग ने अपनी ब्रिटेन वापसी की टिकट कराई थी, लेकिन तेज बुखार और पत्नी की जिद के बाद टिकट रद्द कर दिया था। डॉ उमंग पटेल अपनी पत्नी, बेटों और माता-पिता के साथ 24 मई को ब्रिटेन से अपने पैतृक गांव कोयडम (जिला महिसागर) आए थे। वे 12 जून को अकेले लंदन लौटने वाले थे। लेकिन 9 जून को ससुराल जाने के बाद उन्हें तेज बुखार हो गया, बुखार का प्रभाव इतना तेज था कि अगली सुबह उठ भी नहीं पाए। पत्नी ने तब उनसे फ्लाइट रद्द करने को कहा और कुछ दिन रुकने की सलाह दी। डॉ. पटेल ने पत्नी की बात मानते हुए टिकट कैंसिल कर दिया और 15 जून की फ्लाइट बुक की। फिर उन्हें पता चला कि 12 जून की वही फ्लाइट क्रैश हो गई जिसमें वो सफर करने वाले थे।
डॉक्टर पटेल बोले- भगवान ने बचा ली जान
हादसे की खबर सुनते ही डॉ. पटेल ने कहा कि मेरी पत्नी ने कहा कि अभी मत जाओ, तब मैंने टिकट रद्द किया। फिर जब हादसे की खबर आई तो मैं हिल गया। भगवान ने मुझे बचा लिया। मैं उन सभी लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं जो उस विमान में थे। जब गांव में यह खबर फैली कि डॉ पटेल उस फ्लाइट में जाने वाले थे, तो लोग उन्हें ढांढस बंधाने पहुंचे। सभी ने कहा कि यह चमत्कार से कम नहीं है। डॉ. पटेल ने बताया कि वे नॉर्थहैम्पटन (ब्रिटेन) में पिछले 5 साल से रह रहे हैं। इस बार भारत आने के बाद उनके पिता को स्ट्रोक हो गया था, जिस कारण उन्होंने पहले से तय 2 जून की फ्लाइट भी रद्द कर दी थी। अब वे 15 जून को लंदन रवाना होने की योजना बना चुके हैं।



