Latest newsMumbai news

एकनाथ खडसे के दामाद को ड्रग पार्टी मामले में जमानत; ठाणे में चार कैदियों का पुलिसकर्मी पर हमला

पुणे की अदालत ने गुरुवार को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे के दामाद डॉ. प्रांजल खेवलकर को कथित ड्रग पार्टी मामले में जमानत दे दी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जे. जी. डोर्ले ने सह-आरोपी प्राची शर्मा और सृपद यादव को भी जमानत दी। मामले में अधिवक्ता पुष्कर दुर्गे और ऋषिकेश गणु ने खेवलकर की जमानत याचिका दायर की थी। वहीं, सचिन ललते पाटिल  ने सृपद यादव और राजू माटे ने प्राची शर्मा का पक्ष रखा। बता दें कि पुणे क्राइम ब्रांच ने 27 जुलाई की सुबह खाराडी के अपस्केल स्टूडियो अपार्टमेंट में छापा मारा और कथित ड्रग पार्टी को पकड़ा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2.7 ग्राम कोकीन जैसी सामग्री, 70 ग्राम गांजा जैसी सामग्री, हुक्का पॉट, विभिन्न हुक्का फ्लेवर, शराब और बीयर की बोतलें जब्त की थीं। इस मामले में कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।
ठाणे जिला: चार कैदियों ने कोर्ट परिसर में पुलिसकर्मी पर किया हमला
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में गुरुवार को चार कैदियों ने कोर्ट परिसर में पुलिसकर्मी पर हमला कर उसे घायल कर दिया। यह घटना तब हुई जब आठ लोगों को आधारवाड़ी जेल ले जाया जा रहा था, उन्हें कोर्ट में पेश किए जाना था। अधिकारियों के अनुसार, बैठने की जगह को लेकर कैदियों में झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच, अचानक चार कैदी हिंसक हो गए और पुलिसकर्मी किशोर पेटारे पर टूट पड़े। अधिकारियों ने बताया कि घटना में आकाश वाल्मीकि, गणेश उर्फ शालू मारोठिया, योगिंदर उर्फ भोळू धर्मवीर मारोठिया, और विवेक शंकर यादव  के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button